नारेबाजी के बीच पीएम नरेंद्र मोदी, योगी व खट्टर का पुतला फूंका
न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद।यूपी के लखीमपुर खोरी में हुई दर्दनाक हादसे के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने जा रही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व सांसद दीपेंद्र हुड्डा की गिरफ्तारी व बदसलूकी के विरोध में मंगलवार को कांग्रेसी बिफर गए। उन्होंने लघु सचिवालय परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष दो मिनट का मौन रख अनशन किया। अनशन स्थल पर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री आदित्य नाथ व हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का पुतला फूंका। इस दौरान भाजपा सरकारों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।विरोध प्रदर्शन की अगुआई कर रहे कांग्रेस नेता रोहित दलाल व पूर्व जिला पार्षद दिनेश डाहौला ने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना एक तरह से अमानवीय कृत्य है। गृह राज्य मंत्री मिश्र को तत्काल बर्खास्त किया जाए और उनके पुत्र को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लखीमपुर में दर्दनाक हादसे के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ यूपी पुलिस की गुंडागर्दी व बदसलूकी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्र सहित यूपी व हरियाणा की सरकारें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को चौपट कर देना चाहती है। यूपी के मुख्यमंत्री आदित्य योगी वहां रामराज्य बताते हैं, मगर लखीमपुर की घटना साबित करती है कि यूपी में राक्षस राज है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा लठ उठा लेने संबंधी बयान की आलोचना करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक मुख्यमंत्री के मुहं से ये शब्द शोभा नहीं देते। इस तरह का बयान देकर उन्होंने बता दिया कि हरियाणा को फिर से जलाने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 30 घंटे से अधिक कांग्रेस नेत्री व सांसद दीपेंद्र हुड्डा को अवैध हिरासत में रखा हुआ है। उन्हें तत्काल रिहा किया जाना चाहिए, ताकि वे लखीमपुर हादसे के पीड़ितों से मिल सकें।प्रदर्शनकारियों में सुरेंद्र श्योकंद, रणबीर पहलवान, अमित बुरा, मंजीत लाठर व एडवोकेट रणधीर सिंह प्रमुख थे।