Home haryana जेजेपी झज्जर में मनाएगी अपना तीसरा स्थापना दिवस, कार्यकारिणी की बैठक में घोषणा

जेजेपी झज्जर में मनाएगी अपना तीसरा स्थापना दिवस, कार्यकारिणी की बैठक में घोषणा

by ND HINDUSTAN
0 comment

अगले साल जेजेपी का बड़ा सदस्यता अभियान, 10 लाख नये सदस्य बनाने का टारगेट

 पूर्व विधायक भाग सिंह छातर ने ज्वाइन की जेजेपी, घर वापसी पर अजय सिंह चौटाला ने किया स्वागत

15 अक्तूबर से लागू हो जाएगा निजी क्षेत्र में 75 फीसदी लोकल रिजर्वेशन – दुष्यंत चौटाला

न्यूज डेक्स संवाददाता

पंचकूला। इस बार 9 दिसंबर को जननायक जनता पार्टी अपना तीसरा स्थापना दिवस झज्जर में मनाएगी। साथ ही आगामी वर्ष 2022 की शुरुआत में जेजेपी द्वारा बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत 10 लाख नये सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा है। यह घोषणाएं जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने पंचकुला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में पार्टी की राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में की। बैठक में प्रदेश में होने वाले आगामी निकाय, पंचायत चुनावों, पड़ोसी राज्यों के विधानसभा चुनावों, पार्टी के सदस्यता अभियान, पार्टी की मजबूती समेत कई राजनीतिक मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। चर्चा उपरांत राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से कई अहम निर्णय लिए। इस अवसर पर उचाना से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधायक भाग सिंह छातर सहित कई लोगों ने जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की। 

जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 9 दिसंबर, 2018 को जननायक चौधरी देवीलाल की विचारधारा पर चलते हुए हम सब ने मिलकर जींद की पावन धरा पर जेजेपी का गठन किया और अब पार्टी का तीन वर्ष का सफर पूरा होने जा रहा है। अजय चौटाला ने सभी पदाधिकारियों से सलाह-मशविरा करते हुए घोषणा की कि पार्टी अपना तीसरा स्थापना दिवस झज्जर की पावन धरा पर मनाएगी। इस कार्यक्रम के लिए पार्टी के 45 हजार नये सक्रिय कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां भी लगा दी गई है। 

बैठक में जेजेपी ने अपने आगामी सदस्यता अभियान कार्यक्रम को लेकर बड़ा निर्णय लिया। डॉ. चौटाला ने कहा कि सक्रिय सदस्यता अभियान के बाद अब पार्टी नव वर्ष 2022 की शुरुआत से प्रदेशभर में सामान्य सदस्यता अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी-कार्यकर्ता घर-घर जाकर जन-जन को जेजेपी की नीतियों से अवगत करवाएंगे और करीब 10 लाख नये लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे। अजय चौटाला ने कहा कि कार्यकर्ताओं के संघर्ष के दम पर जेजेपी निरंतर मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जेजेपी द्वारा जनता से किए चुनावी वादों को लगातार पूरा कर रहे है। 

पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री दुष्यंत ने पार्टी की मजबूती के लिए पदाधिकारियों को प्रदेश सरकार के कार्यों और पार्टी की नीतियों का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तमाम वर्गों के हित में निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है, जिनका जोर-शोर से प्रचार किया जाए ताकि आमजन उन योजनाओं का आसानी से लाभ उठा सके। साथ ही उन्होंने पदाधिकारियों को आगामी पंचायत, निकाय चुनाव की तैयारियां में जुट जाने को कहा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जल्द पार्टी द्वारा इन चुनावों को लेकर वरिष्ठ नेताओं की समितियों का गठन कर दिया जाएगा। दुष्यंत चौटाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बताया कि निजी क्षेत्र में 75 फीसदी आरक्षण दो दिन बाद यानी 15 अक्तूबर से लागू हो जाएगा। जेजेपी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री अनूप धानक ने सभी नए सक्रिय कार्यकर्ताओं से घरों पर पार्टी का झंडा लगाकर पार्टी का प्रचार करने का आह्वान किया। वहीं जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि गरीब, किसान, कमेरे वर्ग के हित में जेजेपी की नियति और नीति स्पष्ट है और निरंतर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला किसान-कमेरे वर्ग के हित में काम कर रहे हैं। बैठक में सभी युवा पदाधिकारियों ने 75 प्रतिशत रोजगार कानून को लेकर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का आभार जताया।

इस दौरान उचाना से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधायक भाग सिंह छातर ने अपने सैकड़ों समर्थकों सहित जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला व प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने भाग सिंह छातर व उनके सभी साथियों का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें जेजेपी का पटका पहनाया और कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि इनके शामिल होने से पार्टी को जींद में पूरी मजबूती मिली है। भाग सिंह तीन बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं और एक बार जिला परिषद के चेयरमैन भी रह चुके हैं। इस अवसर पर भाग सिंह ने घर वापसी पर खुशी जताते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी उसे वे बखूबी निभाएंगे। वहीं आरएमपी (चिकित्सक) महासंघ हरियाणा के अध्यक्ष कृष्ण आहलुवाला, उपाध्यक्ष विक्रम कुमार समेत महासंघ के करीब दो दर्जन पदाधिकारी जेजेपी में शामिल हुए। इनके अलावा गुजरात से जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष बच्चन सिंह झंडू सिंह गुर्जर के नेतृत्व में भी गुजरात राज्य से अनेक युवा जेजेपी में आए। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रतीक सोम द्वारा तैयार की गई जननायक टाइम्स पुस्तिका का भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने विमोचन किया।

बैठक में पार्टी द्वारा सर्वप्रथम शोक प्रस्ताव पेश किया गया, जिस पर वरिष्ठ नेताओं ने दो मिनट का मौन धारण कर महान विभूतियों, पार्टी से जुड़े नेताओं-कार्यकर्ताओं एवं उनके परिजनों के निधन तथा शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने बैठक में आए राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जेजेपी में कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान मिलता है और पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के दम पर ही आज इतने बड़े मुकाम तक पहुंची है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. केसी बांगड़, राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, वरिष्ठ नेता अनंतराम तंवर, विधायक रामकरण काला, विधायक देवेंद्र बबली, चेयरमैन पवन खरखौदा, हाउसिंग बोर्ड चेयरमैन एवं पूर्व विधायक राजदीप फौगाट, वरिष्ठ पार्टी नेता बृज शर्मा, बहन फूलवती, तेलूराम जोगी, पूर्व विधायक रामधीर पटौदी, महिला प्रदेश अध्यक्ष शीला भ्याण सहित पार्टी की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी, सभी प्रकोष्ठों के प्रभारी, प्रदेशाध्यक्ष, सभी जिला प्रधान, हलका प्रधान आदि मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?