न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद। 31 अक्टूबर को खटकड़ टोल प्लाजा पर होने वाली संयुक्त छात्र युवा किसान मजदूर महापंचायत की तैयारियों को लेकर सोमवार जाट धर्मशाला में भाकियू के जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र ढांडा (गतौली) की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी स्टूडेंट एसोसिएशन के नेता कृष्ण श्योकंद ने कहा कि 31 तारीख को संयुक्त छात्र युवा किसान मजदूर महापंचायत रखी गई है। प्रयास है कि संयुक्त किसान मोर्चा के साथ में युवा और छात्राओं को ज्यादा से ज्यादा संख्या में जोड़ा जाए। सभी युवा ब्लॉक लेवल से लेकर स्टेट लेवल तक मिलकर काम करें। उन्होंने कहा कि कुछ छात्र युवा अपने एजेंडे से भटक जाते हैं, इनको संयुक्त किसान मोर्चा के साथ जोड़कर आंदोलन को और भी मजबूत किया जाएगा।भाकियू नेता नरेंद्र डांडा (गतौली) ने कहा कि जब किसान आंदोलन शुरू हुआ था, उसमें युवाओ की ज्यादा भागीदारी थी, लेकिन धीरे-धीरे उनकी भागीदारी कम हो गई है। युवाओं को चाहिए कि आंदोलन में वह आगे चले और बुजुर्ग उनके पीछे-पीछे चले, ताकि युवाओं से आंदोलन और भी ज्यादा मजबूत हो।बैठक में मुख्य तौर से पूनम बदनपुर, पूनम रेड्ड, अनीता, सुशील नरवाल, कुलबीर जागलान, विनोद जागलान, राकेश ढिलों, मोहित सहारण आदि शामिल रहे।