न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड उत्तर पश्चिम क्षेत्र चंडीगढ़, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से इण्डियन रिसोर्स एंड डेवलपमेंट एसोसिएशन (इरादा) के तत्वाधान में इस वर्ष कुरुक्षेत्र में गंगा उत्सव आयोजित किया जा रहा है। इरादा के सचिव राजपाल पांचाल ने बताया की स्वच्छ गंगा के लिए राष्ट्रीय मिशन (एनएमसीजी) गंगा नदी को राष्ट्रीय नदी के रूप में घोषित करने की वर्षगांठ यानी 4 नवंबर को हर साल गंगा उत्सव मनाता है। इस साल का गंगा उत्सव 1 से 3 नवंबर, 2021 तक आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गंगा उत्सव 2021-नदी महोत्सव पूरे देश के 150 जिलों में उत्सव गतिविधियों की योजना बनाई गई है जिनमें 112 गंगा क्षेत्र यानी गंगा किनारे स्थित जिलों में और शेष अन्य प्रमुख नदियों/सरोवरो के साथ मनाया जाएगा।
इस साल गंगा उत्सव समारोह आजादी के 75 साल और आजादी का अमृत महोत्सव के लिए चल रहे समारोहों का हिस्सा होगा। इस वर्ष उद्देश्य गंगा उत्सव 2021 को भारत के विभिन्न नदी घाटियों तक ले जाने और नदी उत्सव समारोह को बढ़ावा देना होगा, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हमारे देश में सदियों पुरानी नदियों से जुड़ी परंपराओं से लोगों को जोड़ने के लिए 26 सितंबर 2021 को विश्व नदी दिवस के अवसर पर उजागर किया था। उन्होंने कहा कि उत्सव का उद्देश्य हितधारकों के जुड़ाव को बढ़ावा देना और गंगा ज्ञान केंद्र के तत्वावधान में सार्वजनिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। यह उत्सव जल के संरक्षण में जनभागीदारी के महत्व पर जोर देगा। इसमें गंगा नदी के कायाकल्प के लिए हितधारकों के जुड़ाव और जन भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसी कड़ी में कुरुक्षेत्र में 2 नवम्बर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मिर्जापुर में नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है वही 3 नवम्बर को ब्रह्म सरोवर के कुंती घाट के नजदीक सुबह दस बजे चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।