विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, अंबाला के सांसद रतन लाल कटारिया, शिक्षा, वन एवं पर्यावरण मंत्री कंवर पाल और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल भी करेंगे शिरकत
हरियाणा के सभी 90 विधानसभाओं में 580 से अधिक पंजीकृत गउशालाओं में बड़े धूम-धाम से मनाया जा रहा है गोपाष्टमी पर्व
न्यूज डेक्स संवाददाता
पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल 11 नवंबर को सायं 3 बजे पिंजौर स्थित हरियाणा गौवंश अनुसंधान केन्द्र में गोपाष्टमी पर्व के उपलक्ष में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चार परियोजनाओं का उदघाटन भी करेंगे। यह जानकारी हरियाणा गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्रवण कुमार गर्ग ने आज यहां आयोजित एक प्रैस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया, शिक्षा, वन एवं पर्यावरण मंत्री कंवर पाल और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल भी शिरकत करेंगे। श्रवण कुमार गर्ग ने बताया कि गोपाष्टमी पर्व हरियाणा के सभी 90 विधानसभाओं में 580 से अधिक पंजीकृत गउशालाओं में बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। पर्व का समापन 11 नवंबर को पिंजौर स्थित हरियाणा गौवंश अनुसंधान केन्द्र में होगा। उन्होंने बताया कि गोपाष्टमी पर्व हर वर्ष मनाया जाता है, परंतु इस वर्ष मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में इसे राज्य स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया है।