सांध्यकालीन महाआरती में पर्यटन मंत्री कंवर पाल व विधायक सुभाष सुधा ने की शिरकत
भजन संध्या कार्यक्रम भी हुआ शुरु
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। विश्व प्रसिद्ध ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर गीता महाआरती से कुरुक्षेत्र की फिजा में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2021 की महक फैल गई। इस महाआरती से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2021 की सांध्यकालीन गीता आरती का भी आगाज हुआ। इस फिजा को शंखों व वाद्य यंत्रों से निकली धुनों ने जहां पूरे वातावरण में भक्ति रस भर दिया वहीं महोत्सव के शुरु होने की आहट भी दी है। पर्यटन मंत्री कंवर पाल व विधायक सुभाष सुधा ने वीरवार को देर सायं ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में महोत्सव के गीता महाआरती कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
इससे पहले पर्यटन मंत्री कंवर पाल, विधायक सुभाष सुधा, प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार सैनी, भाजपा बुद्धि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पवन आश्री, हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की निदेशिक प्रतिमा चौधरी, हरियाणा कला परिषद के निदेशक संजय बसीन, एडीसी अखिल पिलानी, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, एसडीएम नरेन्द्र पाल मलिक, सीईओ केडीबी अनुभव मेहता, भाजपा के महामंत्री सुशील राणा, केडीबी सदस्य सौरव चौधरी, महेन्द्र सिंगला, विजय नरुला, खरैती लाल सिंगला सहित अन्य गणमान्य लोगों ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव पर ब्रह्मसरोवर की महाआरती और पूजा-अर्चना की तथा दीपशिखा प्रज्वलित कर विधिवत रुप से कार्यक्रम का शुभारम्भ भी किया।
इस महाआरती का गुणगान पंडित बलराम गौतम, पंडित सोमनाथ शर्मा, गोपाल कृष्ण गौतम, अनिल व रुद्र ने किया। पर्यटन मंत्री कंवरपाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हर वर्ष देश-विदेश से लाखों लोग आते है और बड़े स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों का आनंद लेते रहे है, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इस वर्ष देश व प्रदेश से ही लोग पहुंचेंगे। ब्रह्मसरोवर का कुरुक्षेत्र के इतिहास में एक धार्मिक और आध्यात्मिक जुड़ाव है। विभिन्न अवसरों पर इस तीर्थ के सरोवर में स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है और पुण्य की प्राप्ति होती है। इसलिए इस पवित्र सरोवर की महाआरती करके मन को एक सुखद अनुभूति का अहसास होता है।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2021 का महाआरती के साथ आगाज हुआ है। अब यह महाआरती 14 दिसंबर तक चलेगी और इसके बाद रोजाना आरती कार्यक्रम पहले की तरह चलता रहेगा। यह महाआरती महोत्सव के आकर्षण का केन्द्र बन चुकी है। इस दौरान कलाकारों ने भजनों की भी प्रस्तुती दी है। इस कार्यक्रम के अंत में केडीबी की तरफ से पर्यटन मंत्री कंवरपाल व विधायक सुभाष सुधा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।