Home haryana टायर्ड हूं न रिटायर, हरियाणा में सत्ता परिवर्तन की लड़ाई मजबूती से लड़ूंगाःभूपेंद्र सिंह हुड्डा

टायर्ड हूं न रिटायर, हरियाणा में सत्ता परिवर्तन की लड़ाई मजबूती से लड़ूंगाःभूपेंद्र सिंह हुड्डा

by ND HINDUSTAN
0 comment

कड़ाके की सर्दी के बावजूद बरोदा जनआक्रोश रैली में उमड़ी भारी भीड़ ने सारे रिकार्ड तोड़े

हरियाणा में कांग्रेस सरकार आने पर गृहणियों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और हर बुजुर्ग को 6000 महीना पेंशन देंगे – हुड्डा 

साढ़े 9 साल में इस सरकार ने सिर्फ जुमलेबाजी कर लोगों को मूर्ख बनाने का काम किया – उदयभान

हरियाणा में किसी का घमंड नहीं टिका, बीजेपी-जेजेपी का घमंड भी तोड़ेगी जनता – दीपेन्द्र हुड्डा

खट्टर सरकार बताए दूसरे प्रदेशों से कौन सी पर्ची आती है जिन्हें खट्टर सरकार नौकरी दे रही – दीपेन्द्र हुड्डा 

भाजपा सरकार ने हर वर्ग का अपमान किया है, हरियाणा की जनता इस अपमान का बदला लेने के लिए बेसब्री से चुनाव का इंतज़ार कर रही – दीपेंद्र हुड्डा 

डा.प्रदीप गोयल /न्यूज डेक्स संवाददाता

चंडीगढ़। कड़ाके की सर्दी में आज बरोदा हलके में आयोजित कांग्रेस की जनआक्रोश रैली में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर उत्साहित नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने घोषणा करी कि वे न तो टायर्ड हैं न रिटायर, हरियाणा में सत्ता परिवर्तन की लड़ाई मजबूती से लड़ेंगे। इस कार्य के लिए उन्होंने जनता से साथ देने का आवाहन किया, जिसपर लोगों ने दोनों हाथ उठाकर पूरा साथ देने का भरोसा दिया। गांव बरोदा के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेण्डरी स्कूल के विशाल मैदान में विधायक इंदुराज नरवाल द्वारा आयोजित रैली में उमड़ी भारी भीड़ के उत्साह और जोश को देखकर गदगद भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अग्नि परीक्षा तो सुनी थी, लेकिन आज सर्दी परीक्षा देख ली। हरियाणा की जनता ने सत्ता परिवर्तन करके काँग्रेस की सरकार बनाने का मन बना लिया है इंतजार तो सिर्फ चुनाव का है। जन आक्रोश रैली में कांग्रेस पार्टी के विधायक, सांसद, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष समेत महिला कांग्रेस, सेवादल, यूथ कांग्रेस, NSUI, फ्रन्टल संगठनों के पदाधिकारी, जिलों के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ता और बड़ी तादाद में स्थानीय लोग मौजूद रहे।    

उन्होंने अपने मन की टीस जाहिर करते हुए कहा कि जो हरियाणा 2014 से पहले तक प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, नौकरी देने में नंबर 1 था वो आज बेरोजगारी, अपराध में नंबर 1 पर है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय उन्होंने प्रदेश में बिजली कारखाने लगवाए, रेल, रोड, मेट्रो बनवाई, एक कलम से 1600 करोड़ के बिजली बिल माफ किये, 11000 सफाई कर्मचारी लगाये लेकिन मौजूदा सरकार गोहाना की मंजूरशुदा रेल कोच फैक्ट्री भी प्रदेश से बाहर ले गई। आज हरियाणा में 2 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं। पक्की नौकरियों को कौशल निगम के जरिए कच्चे में बदल दिया। जिसमें न नौकरी है न पेंशन। यही काम अग्निवीर योजना में हुआ जिसमें 18 साल का नौजवान भर्ती होगा और 4 साल बाद 22 की आयु में बेरोजगार होकर वापस घर लौट आयेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में बदलाव की हवा चल रही है और प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है। हम जो कहते हैं वो करते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने पर हर बुजुर्ग को 6000 महीना पेंशन देंगे। हमारी सरकार आने पर गृहणियों को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देंगे। हर परिवार को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करेंगे। 100-100 गज मुफ्त प्लॉट योजना को फिर से लागू करेंगे और गरीबों को 2 कमरे का मकान बनाकर देंगे। कौशल रोजगार निगम को खत्म कर खाली पड़े 2 लाख सरकारी पदों पर पक्की भर्ती करेंगे। सफाई कर्मचारी, मनरेगा मेठ जैसे कर्मचारियों को पक्का करेंगे। किसानों को एमएसपी की गारंटी देंगे। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि किसान आंदोलन में जो 750 किसान शहीद हुए उसमें हरियाणा के काफी किसान थे। कांग्रेस सरकार आने पर शहीद किसानों के परिवारों में एक सरकारी नौकरी देंगे। खिलाड़ियों के लिये पदक लाओ पद पाओ योजना फिर से शुरु करेंगे।

रैली को संबोधित करते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान ने कहा कि साढ़े 9 साल में इस सरकार ने जुमलेबाजी से देश के लोगों को मूर्ख बनाने का काम किया है। इस सरकार ने गारंटी दी थी कि 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी हो जायेगी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें, सी-2+50% फार्मूले पर भाव मिलेगा, हवाई चप्पल वालों को हवाई जहाज में यात्रा करवाएंगे, 2022 तक हर गरीब के सिर पर छत होगी, 100 दिन में महंगाई कम होगी, 100 दिन में काला धन लाकर हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये देंगे। 100 स्मार्ट सिटी बनायेंगे। डीजल-पेट्रोल सस्ता होगा। इस सरकार ने अपनी एक भी गारंटी को पूरा नहीं किया। आज हरियाणा पर कर्जा बढ़कर 4 लाख करोड़ से ज्यादा हो गया। प्रदेश में दलितों और महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। सरकार के द्वारा जारी सामाजिक सुरक्षा सूचकांक के अनुसार हरियाणा में कोई सुरक्षित नहीं है। 

उन्होंने हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के समय हुए कामों की फेहरिस्त गिनाते हुए कहा कि हुड्डा सरकार ने 81 किलोमीटर मेट्रो बनवायी, थर्मल कारखाने लगवाये, रेल लाईन, नेशनल हाईवे बनवाये। 1600 करोड़ के बिजली बिल माफ किये। 2200 करोड़ के कोऑपरेटिव कर्जे माफ किये, हरिजन और बैकवर्ड निगम के 485 करोड़ के कर्जे माफ किये। 3 लाख 82 हजार गरीब परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट दिये। 22 लाख बच्चों को वजीफा दिया। उदयभान ने लोगों के सामने प्रस्ताव रखते हुए कहा कि प्रदेश में बदलाव की हवा चल रही है। चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा की हरियाणा के हर कोने में जबरदस्त डिमांड है।  उन्होंने जनसमूह से अनुरोध किया कि इन दोनों नेताओं को प्रदेश के अन्य भागों कांग्रेस का प्रचार करने की अनुमति दें। इस पर उपस्थित जनमानस न दोनों हाथ उठाकर इस प्रस्ताव को स्वीकार किया। 

रैली स्थल की ओर आने वाले पूरे रास्ते सांसद दीपेंद्र हुड्डा का लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। रैली में उमड़ी भीड़ के जोशीले स्वागत से अभिभूत सांसद दीपेंद्र ने सभी का अभिवादन किया। अपने संबोधन में दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि रिकार्ड सर्दी के दिन में बरोदा ने भीड़ का रिकार्ड बनाया है। लोगों की ये भावना हरियाणा में रंग लेकर आएगी। जनता का आशीर्वाद खाली नहीं जायेगा और हरियाणा में बदलाव लेकर आयेगा। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पूरे देश की नजर हरियाणा पर होगी। ऐसे में पूरा देश देखेगा कि हरियाणा किसानों के साथ खड़ा होगा या किसानों पर अन्याय करने वालों के साथ, हरियाणा खिलाड़ी बेटियों के साथ खड़ा होगा या उनके साथ अन्याय करने वालों के साथ। हरियाणा बेरोजगारों के साथ खड़ा होगा या बेरोजगारी देने वालों के साथ। हरियाणा अहंकारियों के साथ खड़ा होगा या हरियाणा को विकास और खुशहाली पर ले जाने की लड़ाई लड़ने वालों के साथ। उन्होंने बीजेपी की साजिशों से सावधान रहने को चेताते हुए कहा कि ये चुनाव हरियाणा के भविष्य को बचाने का चुनाव है। सत्ता में बैठे लोग हमें निशाने पर लेने के लिए साम, दाम, दंड, भेद का सहारा लेकर सारे चक्रव्यूह रचेंगे। 

उन्होंने कहा कि इस सरकार ने हरियाणा को विकास की पटरी से उतार दिया है। जो हरियाणा 2014 से पहले विकास के नाम पर जाना जाता था, प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, खेल-खिलाड़ियों के मान सम्मान में, किसान के हकों के फैसले, गरीब कल्याण की योजनाओं में और आपसी भाईचारे में नंबर 1 पर माना जाता था, वो आज साढ़े 9 साल के बाद बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध, नशाखोरी में नंबर 1 पर पहुंच गया है। हर घर में पढ़ा-लिखा नौजवान बेरोजगार है। न प्राईवेट में नौकरी न सरकारी नौकरी। 2 लाख सरकारी नौकरी समाप्त कर दी गयी। आज हरियाणा का नौजवान बेरोजगारी के कारण डिप्रेशन में चला गया या अपना सब कुछ बेचकर, कर्ज लेकर विदेशों में नौकरी खोजने को मजबूर है। हरियाणा वालों को तो अन्य प्रदेशों में मौका नहीं मिलता लेकिन हरियाणा की भर्तियों में 80 एसडीओ में से 78 बाहर के चयनित हुए। एसडीओ इलेक्ट्रिकल में 99 में से 77 बाहर के, असिस्टेंट प्रोफेसर टेक्निकल की लिस्ट में 156 में से 103 बाहर के चयनित हुए और अब हाल में SDOP लिस्ट में 7 में से 4 पदों पर दूसरे प्रदेश के लोगों की भर्ती कर ली गई। उन्होंने सीधा सवाल किया कि खर्ची पर्ची की बात करने वाली खट्टर सरकार बताये कि दूसरे प्रदेशों से कौन सी पर्ची आती है जिन्हें खट्टर सरकार नौकरी दे रही है। बीजेपी-जेजेपी सरकार ने HPSC में चेयरमैन भी झारखंड से लाकर बैठा दिया। दीपेन्द्र हुड्डा ने युवाओं को विश्वास दिलाया कि 6 महीने की बात है हरियाणा में बदलाव होगा और नौजवानों का हित सोचने वाली कांग्रेस सरकार आयेगी। 

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि साढ़े 9 साल में हरियाणा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। पिछले चुनाव में बीजेपी ने 75 पार तो जेजेपी ने बीजेपी के खिलाफ जमना पार का नारा दिया। चुनाव बाद दोनों ने 5100 रुपये बुढ़ापा पेंशन और हरियाणा के नौजवानों को 75 प्रतिशत रिजर्वेशन के नाम पर समझौता किया। लेकिन 5100 बुढ़ापा पेंशन तो किसी को मिली नहीं, जिनको मिल रही थी उनमें से ज्यादातर की कट और गयी। इनका समझौता पेंशन या रिजर्वेशन का नहीं बल्कि मिलकर हरियाणा को लूटने का, अपने भ्रष्टाचार की फाईलों को बंद कराने का था। बीजेपी-जेजेपी ने आपस में महकमे बांट लिये और प्रदेश में लूट मचा दी।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग का अपमान किया है, हरियाणा की जनता इस अपमान का बदला लेने के लिए बेसब्री से चुनाव का इंतज़ार कर रही है। कोई ऐसा वर्ग नहीं बचा जो इस सरकार की तानाशाही के खिलाफ सड़क पर न आया हो। एक साल तक सड़कों पर बैठे किसानों को बीजेपी ने उपद्रवी और आतंकवादी तक कहा। आंदोलन में शहीद होने वाले 750 किसानों के लिये संवेदना के 2शब्द कहने तक से इनकार कर दिया। इस सरकार ने खिलाड़ी बेटियों को दिल्ली की सड़कों पर घसीट कर अपमानित किया। कर्मचारी, मनरेगा मजदूर, ग्रामीण चौकीदार, आंगनवाड़ी, आशा वर्कर, सरपंच पर लाठीचार्ज किया। हर वर्ग को लाठी की भाषा में जवाब दिया। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में किसी का घमंड नहीं टिका और बीजेपी-जेजेपी का घमंड भी जनता तोड़ेगी।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?