महोत्सव में मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा 9 से 14 दिसंबर तक
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2021 के सांय कालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए इस वर्ष ब्रहमसरोवर पुरुषोतमपुरा बाग में मुख्य मंच सजाया जाएगा। इस मुख्य मंच पर प्रसिद्घ कलाकार चित्र-विचित्र की सुरीली आवाज ब्रहमसरोवर की फिजा में कृष्ण भक्ति का रस भरने का काम करेगी। इन कलाकारों के साथ-साथ मालिनी अवस्थी, बाबा मोर्य, रंजू प्रसाद जैसे प्रसिद्घ कलाकार अपने-अपने कार्यक्रमों की प्रस्तुती देंगे। अहम पहलू यह है कि महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 9 से 14 दिसंबर तक चलेंगे। हालांकि महोत्सव में सरस और शिल्प मेला शुरु हो चुका है और 19 दिसंबर तक जारी रहेगा।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2021 के मुख्य कार्यक्रम ब्रहमसरोवर पुरुषोतमपुरा बाग में होंगे। यह कार्यक्रम 9 से 14 दिसंबर तक जारी रहेंगे। इस मुख्य मंच पर सुबह और सायं के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती होगी। इस महोत्सव में सांध्यकालीन कार्यक्रम करीब 6 बजे शुरु होंगे। इन सांध्यकालीन कार्यक्रमों की सूचि को लगभग फाईनल कर लिया गया है और प्राथमिक शेडयूल भी तैयार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि 9 दिसंबर को अंतर्राष्टï्रीय गीता महोत्सव में पुरुषोतमपुरा बाग मुख्य मंच पर प्रथम स्लॉट में रुपेश ऋषि की देशभक्ति कार्यक्रम, दूसरे स्लॉट में मालिनी अवस्थी का कृष्ण-राधा भक्ति गीत होगा, 10 दिसंबर को प्रथम स्लॉट में यश चौहान का गीता पर आधारित छाऊ नृत्य, दूसरे स्लॉट में बाबा मोर्य का देशभक्ति प्रस्तुती, 11 दिसंबर को प्रथम स्लॉट में ओमप्रकाश श्रीवास्तव की भजन संध्या, दूसरे स्लॉट में कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इस कवि सम्मेलन में प्रसिद्घ कवि हरिओम पंवार, दिनेश रघुवंशी, मनवीर मधुर, अनिल आर्य पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में 12 दिसंबर को प्रथम स्लॉट में पुरुषोतमपुरा बाग में सांध्यकालीन कार्यक्रम में रंजू प्रसाद की सांस्कृतिक प्रस्तुती होगी और दूसरे स्लॉट में प्रसिद्घ कलाकार गजेन्द्र फौगाट व महावीर गुड्डू द्वारा हरियाणवी नाईटस का कार्यक्रम होगा। इसी तरह 13 दिसंबर को प्रथम स्लॉट में संगीता शर्मा का धार्मिक नृत्य (बैले) और दूसरे स्लॉट में प्रसिद्घ गायक चित्र-विचित्र की भजन संध्या होगी। इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों के अंतिम दिन 14 दिसंबर को रास कला मंच सफीदों के संचालक रवि व 50 कलाकारों द्वारा विश्व गुरु भारत कोरियोग्राफी की प्रस्तुती प्रथम स्लॉट में होगी और दूसरे स्लॉट में शेखर सेन द्वारा संगीतमय नाटक की प्रस्तुती होगी। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की डयूटी भी लगा दी गई है।