न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, रोजगार, खेलों समेत कई क्षेत्रों में नंबर वन था, लेकिन आज भाजपा जजपा की सरकार में प्रदेश अपराध व बेरोजगारी में नंबर वन हो गया है। बेखौफ बदमाश दिन दहाड़े हत्याएं, बलात्कार, लूट, डकैती जैसी वारदातों को अंजाम दे रहें, लेकिन सरकार कहीं दिखाई नहीं दे रही, व्यापारी स्वंय को असुरक्षित महसूस कर रहा है, जबकि उनकी सरकार में बदमाश प्रदेश छोडऩे पर मजबूर हो गये थे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार देर शाम को जींद शहर के पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह में आयोजित व्यापारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में फ्री फॉर ऑल की स्थित बनी हुई है। भय,भष्टाचार और गुंडागर्दी चरम पर है। कांग्रेस विधायक दल द्वारा प्रदेश में बढ़ रहे अपराध का मुद्दा आगामी विधानसभा सत्र में जोरशोर से उठाया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसान की जीरी तो बिक नहीं रही, लेकिन बिना पर्ची, बिना खर्ची का बात करने वाली सरकार में नौकरियां परचून की दुकान की तरह बिक रही हैं। हुड्डा ने कहा कि एचपीएससी का डिप्टी सचिव तो मात्र एक सेल्जमैन है, दुकान का मालिक भी सामने आना चाहिए। एचपीएससी के चेयरमैन को या तो इस्तीफा दे देना चाहिए या फिर घर बैठ जाना चाहिए। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि इस प्रकरण की जांच हाईकोर्ट के सीटिंग जज से करवाई जाए ताकि सबकुछ साफ हो सके।
हुड्डा ने कहा कि सरकार एमएसपी पर कानून बनाने और आंदोलनरत किसानों पर दर्ज केस वापिस लेने में देरी ना करे। आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों को शहीद का दर्जा देते हुए उनके परिवार को सरकारी नौकरी व पर्याप्त मुआवजा प्रदान करे। यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो प्रदेश में कांगे्रस की सरकार बनने पर कंडेला आंदोलन की तर्ज पर नौकरियां व आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लाया गया भूमि अधिग्रहण बिल भी किसानों के हित में नहीं है।
कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे को भी विधानसभा में उठाया जाएगा। इस मौके पर गोहाना के विधायक जगबीर मलिक, सफीदों के विधायक सुभाष देशवाल, बरोदा के विधायक इंदूराज नरवाल, एमएस चौपड़ा, पूर्व विधायक परमेंद्र सिंह ढुल, सुरेश गोयत, बलजीत रेढू, प्रदीप गिल, महाबीर कंप्यूटर, रोहित दलाल, जगबीर ढिगाना, अनिल दलाल, धमेंद्र ढुल, सुभाष अहलावत, मोहित लाठर, प्रमोद सहवाग,वीरेंद्र घोघडिय़ा,जगदीश बीबीपुर, कृष्ण भारद्वाज,विजेंद्र ढाढरथ,सत्यवान पहलवान, विक्रम कुंडू आदि मौजूद रहे। बाद में हुड्डा ने दिवंगत व्यापारी श्यामसुंदर के घर जाकर पीडि़त परिजनों को सांत्वना दी।