हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ व उत्तरांचल के बाद राजस्थान में सभा की इकाईयों का गठन
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 12 सितंबर। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा का लगातार विस्तार किया जा रहा है। महासभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मधु सूदन बवेजा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मेहता ने बलदेव कृष्ण को राजस्थान के श्री गंगा नगर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। बवेजा ने बताया कि राजस्थान के अन्य जिलों के अध्यक्षों की नियुक्ति भी शीघ्र ही कर दी जाएगी। अगले महीने राजस्थान की राज्य कार्यकारणी की नियुक्ति के लिए भी एक विशेष बैठक बुलाई गई है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य्प्रदेश तथा महाराष्ट्र में भी सभा को सक्रिय करने के लिए राष्ट्रीय महासचिव सुरेंद्र जुनेजा द्वारा अभियान चलाया गया है। बवेजा के अनुसार अगले वर्ष तक हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ व उत्तरांचल के बाद देश के सभी राज्यों में राष्ट्रीय पंजाबी महासभा की इकाईयों का गठन कर सक्रिय किया जायेगा। देश के विभिन्न राज्यों में सभा के सम्मेलनों के आयोजन कर पंजाबियों को संगठित किया जायेगा। इस अवसर पर प्रदेश सचिव मुलखराज, चंद्र प्रकाश अरोड़ा, ललित मुल्तानी, अशोक कुमार, विक्की जसूजा, मंजूषा इत्यादि भी मौजूद थे।