न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद। सदर थाना पुलिस ने रात करीब साढ़े 10 बजे रामराय गांव के पास एक युवक को काबू कर उसके कब्जे से अवैध पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने युवक को नामजद कर उसके खिलाफ आम्र्ज एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।सदर थाना के एचसी राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रामराय गांव के बस स्टैंड पर एक युवक खड़ा है जो कि अवैध पिस्तौल लिए हुए है और कहीं जाने की फिराक में है। पुलिस तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर युवक को काबू कर लिया। पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके कब्जे से अवैध पिस्तौल और एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान हिसार जिला के गांव सिसाय निवासी विकास के तौर पर बताई। जांच अधिकारी एचसी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में युवक को नामजद कर उसके खिलाफ आम्र्ज एक्ट के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।