कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने दी बधाई
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड, तीन सिल्वर व तीन ब्रांज मेडल हासिल किए हैं। इस अवसर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा इस शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों व बाकि्ंसग कोच राजेश कुमार राजौंद को बधाई देते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के खिलाड़ी देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। कुवि कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी।
कार्यवाहक खेल निदेशक राजेश सोबती ने बताया कि 24 दिसम्बर से 2 जनवरी के बीच आयोजित पुरुष बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने 2 स्वर्ण, 3 रजत व 3 कांस्य पदक जीतने के साथ टूर्नामेंट में 74 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही 13 में से 10 खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम के लिए क्वालिफाई भी किया है। यह आजतक का बॉक्सिंग इतिहास में सबसे बड़ा टूर्नामेंट था जिसमें 195 विश्वविद्यालयों के 1578 मुक्केबाजों ने भाग लिया। इन सभी मुक्केबाजों का प्रशिक्षण शिविर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में 6 से 23 दिसम्बर तक लगा था।
इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के बॉक्सिंग खिलाड़ी नीरज ने 48 किलोग्राम व यशपाल ने 71 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं विवेक ने 51 किलोग्राम, अंकित ने 63.5 किलोग्राम व गौरव ने 92 किलोग्राम प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया। सुमित ने 80 किलोग्राम, संचित ने 57 किलोग्राम व विजय ने 92 किलोग्राम वर्ग में ब्रांज मेडल हासिल कर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।