आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 75 करोड़ सूर्य नमस्कार में भी गुरुकुल स्टाफ व छात्रों ने की भागीदारी
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। गुरुकुल कुरुक्षेत्र में देश का 73वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर प्रधान कुलवन्त सैनी जी ने देश की आन, बान और शान तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रगान के साथ सलामी दी। गुरुकुल स्टाफ द्वारा भारत माता की जय, वंदे मातरम् का गगनभेदी जयघोष किया गया। वहीं आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत 75 करोड़ सूर्य नमस्कार में भी गुरुकुल के प्रधान कुलवन्त सैनी, प्राचार्य कर्नल अरूण दत्ता सहित अध्यापक एवं संरक्षकगण ने सूर्य नमस्कार किया और इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। गुरुकुल के छात्रों ने ऑनलाइन इस अभियान शामिल हुए। प्रधान कुलवन्त सैनी ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत एवं गुरुकुल परिवार की ओर से समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
कर्नल अरूण दत्ता ने कहा कि इस बार देश अपना 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। 26 जनवरी 1950 को देश में संविधान लागू हुआ था और भारत को पूर्ण गणतंत्र घोषित किया गया था, तब से 26 जनवरी को प्रत्येक देशवासी गणतंत्र दिवस के रूप में हर्षोल्लास से मनाते हैं। उन्होंने समस्त गुरुकुल परिवार की ओर से सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। साथ ही उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 75 सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के तहत अध्यापकांे व संरक्षकों के साथ सूर्य नमस्कार किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि अपने संविधान के प्रति निष्ठावान रहे साथ ही देश की उन्नति और सम्मान के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न प्रकल्पों में अपना सहयोग देकर उन्हें सफल बनाएं।