न्यूज डेक्स संवाददाता
रोहतक। छात्र संगठन ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (एआईडीएसओ) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को रद्द करने की मांग के लिये उपकुलपति, एमडीयू,रोहतक के माध्यम से माननीय राज्यपाल, हरियाणा को ज्ञापन सौंपा। एमडीयू एक्टिविटी सेंटर से उपकुलपति आफिस तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
एआईडीएसओ के प्रदेश सचिव उमेश मौर्य ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 शिक्षा के चौतरफा निजीकरण, व्यापारीकरण, व्यवसायीकरण व साम्प्रदायिकरण को बढ़ावा देने वाली नीति है। इसे बनाने व लागू करने में सारी जनवादी प्रक्रियाओं को ताक पर रखा गया है, शिक्षाविदों, छात्र व शिक्षक संगठनों के सुझावों को पूरी तरह दरकिनार किया गया है। महामारी की भयावह परिस्थितियों का मोदी सरकार ने खूब फायदा उठाया है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 देश में शिक्षा पर विनाशकारी प्रभाव डालेगी और इसे बाजारू माल में तब्दील कर देगी। एमडीयू समेत अन्य विश्वविद्यालयों में एमफिल का कोर्स बन्द कर दिया। जिससे रिसर्च करना और भी कठिन हो जाएगा। 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा को खत्म करके 9वीं कक्षा से सेमेस्टर प्रणाली लागू किया जाएगा।
उमेश ने कहा कि स्कूली शिक्षा की पुरानी पद्धति को बदल कर 3 से 6 साल की उम्र के बच्चों की शिक्षण प्रक्रिया उन आंगनबाड़ी केन्द्रों के हाथ में सौंपी जा रही है जो पहले से ही वेंटिलेटर पर हैं। शैक्षणिक-गैर शैक्षणिक गतिविधियों एवं विज्ञान व कला संकाय को गड्डमड्ड किया जा रहा है। यह सीखने और सिखाने की पूरी प्रक्रिया को ही बर्बाद कर देगा। इसी तरह उच्च शिक्षा में 3 साल के स्नातक डिग्री कोर्स को मल्टीपल प्रवेश व निकास सिस्टम के साथ बढ़ाकर 4 साल का करके भारतीय उच्च शिक्षा को विश्व शिक्षा बाजार के अनुरूप ढालने की योजना तैयार की गई है।
एआईडीएसओ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि ‘हायर एजुकेशन कमीशन ऑफ इंडिया’ (HECI) का गठन शिक्षा पर अफसरशाही के शिकंजे को और मजबूत करेगा। एनईपी में गरीब विरोधी व भेदभावपूर्ण ऑनलाइन शिक्षा को लागू करते हुए कक्षा-कक्ष शिक्षण को हतोत्साहित कर ‘डिजिटलाइजेशन’ को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जब सरकार रोजगार में भारी कटौती कर रही हो तब NEP में वर्णित रोजगार मूलक शिक्षा सिर्फ बेरोजगार युवाओं को रोजगार के सपने बेचने और धोखा देने के अलावा कुछ नही है। इस पर भी इस शिक्षा को कक्षा 6 से ही लागू कर देना स्कूली शिक्षा एवं शिक्षा के सार तत्व को ही खत्म कर देगा। एनईपी में भाषा के गहन अध्ययन की जगह संस्कृत का महिमा मंडन कर अंग्रेजी को सिर्फ काम चलाने तक उपयोगी बताया गया है। यह शिक्षा पद्धति सिर्फ बाजार में चलने लायक उच्च ज्ञान विहीन तथाकथित पढ़े लिखे लोग ही तैयार करेगी।
एनईपी मे ‘शिक्षा के भारतीयकरण’ की बात करते हुए असल मे पिछड़े व दकियानूसी विचारों को बढ़ावा दिया गया है जो कि शिक्षा के सांप्रदायीकरण की एक खुली कोशिश है जो अंधता व उन्माद को ही बढ़ावा देगी।
प्रदर्शन में रोहित, आकाश, सोमू, दीक्षा, मनीषा, मोनिका, हरीश, अजय गोस्वामी, वैभव वत्स, दीपक यादव, रोहित स्योरण, अंकित दलाल, रवि, अतुल कुमार, हसन खान, मोहित, प्रदीप कुमार इत्यादि छात्र शामिल हुए।