भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर लगाया आरोप,बोले सारे प्रदर्शन उन्होंने किये हैं फाइनेंस
न्यूज डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़,18 सितंबर। कृषि विधेयक संसद में पास हो जाने के बाद हरियाणा में सियासी बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों के प्रदर्शन पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा दलालों के साथ मिले हुए हैं और सारे प्रदर्शन उन्होंने फाइनेंस किए हुए हैं।
चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता के दौरान जब दिग्विजय चौटाला से सवाल पूछा गया कि पूर्व सीएम हुड्डा ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है और विधानसभा सत्र बुलाने की मांग की है। इस पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि कोरोना काल के दौरान 1 दिन का सत्र बुलाया गया था, उस दिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा सदन में क्यों नहीं बोले?
दिग्विजय ने कहा कि हुड्डा दलालों के साथ मिले हुए हैं, जो किसानों को लूटते हैं। हुड्डा ने सारे प्रदर्शन को फाइनेंस किया है। उन्हें पता है तेरी दुकानदारी बंद हो जाएगी। उन्होंने चुनौती दी है कि हम कांग्रेस को इस मुद्दे पर जल्द एक्सपोज करेंगे। जब उनसे पूछा गया कि ऐसा क्या करने वाले हैं तो दिग्विजय ने कहा कि सुबूत जुटा रहे हैं,जल्द खुलासा करेंगे।