समर्थकों में उत्साह,बोले जमीनी,जुनूनी और बेदाग नेता हैं बंताराम बाल्मीकी,टिकट मिली तो विजयी होंगे और सरकार बनी तो मंत्री बनेंगे
उत्तर हरियाणा के बड़े दलित नेता हैं बंताराम बाल्मीकी,दो बार इनेलो से विधायक और हरियाणा शुगरफेड के चेयरमैन रहे
न्यूज डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़। बात थोड़ी सी टोपीकल, बोले तो टोपी पहनाकर आने वाले कल का राज नेता बनाने वाली पार्टी की है। इस पार्टी में पिछले कई दिनों से हरियाणा में खुली भर्ती चल रही है। राजनीतिक दलों के नेताओं के अलावा अलग अलग क्षेत्रों के काबिल चेहरों के इस पार्टी में शामिल होने चर्चा नित दिन होती है। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब की विजय से उत्साह में है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव 2024 में है,मगर जीत पटकथा लिखने के लिए काबिल पात्र जुटाने की तैयारी दो साल पहले शुरु हो चुकी है। मंगलवार को कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष कौन होगा ? कार्यकारी अध्यक्ष कौन होगा ? यह खबर सोशल मीडिया पर कयास के आधार पर संभावित नामों के साथ खूब वायरल हुई। इस चर्चा के बीच अचानक उत्तरी हरियाणा के एक बड़े दलित नेता द्वारा आप की टोपी पहनने की पोस्ट और तरह तरह के कमेंट के साथ जमकर वायरल होने लगी थी। यह नेता जी हैं इनेलो से दो बार विधायक और चौटाला सरकार में हरियाणा शुगरफेड के चेयरमैन रह चुके हैं। यहां बात उत्तरी हरियाणा के बड़े दलित नेता बंताराम बाल्मीकी की हो रही है।
इनके आप में शामिल होने के साथ ही राजनीतिक दलों और आवागमन की अंग्रेजी की वर्णमाला का विचित्र ककहरा तैयार हो गया,जोकि इनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत को नीचे से ऊपर की ओर लेकर जाता हुआ दिखाई पड़ता है। इन दलो में अपनी अगल पहचान बनाने वाले बंताराम उत्तरी हरियाणा के ही नहीं,बल्कि अपने समाज के राष्ट्रीय संगठन में भी कई बड़े पदों पर विराजमान हैं। इसी के साथ अब उनकी नई पहचान आम आदमी पार्टी के नेता के रुप में होगी। अतीत से वर्तमान में किन किन राजनीतिक दलों से यह नेता जी जुड़े रहे, अगर इसे पल भर में समझना है तो इस समाचार के जरिए आसानी से समझ सकते हैं। वो भी अंग्रेजी की वर्णमाला एबीसी नीचे से ऊपर की ओर जाते हुए… ए से आप (आम आदमी पार्टी) ,बी से बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी),सी से कांग्रेस,एच से हजकां (हरियाणा जनहित कांग्रेस भजन लाल),आई से आईएनएलडी (इंडियन नेशनल लोकदल) इसे इनेलो भी कहा जाता है।
इसी पार्टी से बंताराम जी का राजनीतिक सफर बहादुर नेता के रुप में शुरु हुआ था। बंताराम के आप में शामिल होने से उनके समर्थकों में और आम आदमी पार्टी के समर्थकों में काफी उत्साह है।मंगलवार को उन्हें आम आदमी पार्टी के सांसद सुशील गुप्ता ने टोपी पहनाई। समर्थकों का दावा है कि बंताराम आम आदमी का चेहरा है। बेहद शालीन,बेदाग और जुनूनी और जमीनी नेता है। आप ने उन्हें टिकट दी तो वह एेतिहासिक जीत दर्ज करेंगे और हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो वह मंत्री भी बनेंगे। बड़ा दलित चेहरा होने के कारण आम आदमी पार्टी उन्हें पार्टी में कोई बड़ा पद भी दे सकती है। यह चर्चा भी अब आम है कि आम के सीजन से पहले आम आदमी पार्टी का सीजन हरियाणा में चल चुका है। अगले दिनों में भी आम आदमी पार्टी से कई बड़े चेहरों के शामिल होने की चर्चाएं चल रही हैं। एक बात पक्की है कि माहौल अगर यही बरकरार रहा तो 2024 के चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी हरियाणा में एक मजबूत संगठन के रुप में पुराने संगठनों के साथ मुकाबले में खड़ी दिख सकती है।