न्यूज डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़।करीब तीन बजे दिल्ली के भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। बग्गा को आज सुबह उनके दिल्ली स्थित आवास से पंजाब पुलिस ने एक अप्रैल को आईएक्ट सहित अन्य धाराओं में आरोपी होने की वजह से गिरफ्तार किया था। बग्गा को शुक्रवार के दिन पंजाब पुलिस मोहाली (पंजाब) ले जा रही थी। रास्ते में हरियाणा पुलिस के उच्चाधिकारियों ने पुलिस बल के साथ इस टीम को कुरुक्षेत्र-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर रोक दिया था। बग्गा की गिरफ्तारी से भाजपा नेताओं को कार्यकर्ताओं में बवाल मचा था। धरने प्रदर्शन की नौबत आ गई थी।
इस गिरफ्तारी को फेल करने के लिए बग्गा के लिए हरियाणा पुलिस संकट मोचक बन कर रास्ते में खड़ी हो गई। वास्तविक रुप से यह कहना गलत ना होगा कि हरियाणा पुलिस ही आज भाजपा नेता के लिए संकट मोचक सिद्ध हुई,वरना पंजाब सीमा में प्रवेश के बाद बग्गा के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती थी। हरियाणा पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा पंजाब टीम से लंबी पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस को सूचित किया गया,जिसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम कुरुक्षेत्र पहुंची और हरियाणा पुलिस के हस्तक्षेप से पंजाब पुलिस को खाली हाथ वापिस लौटने पर विवश होना पड़ा,क्योंकि बग्गा को पंजाब पुलिस की हिरासत से लेकर दिल्ली पुलिस को सौंपने का काम हरियाणा पुलिस ने कर दिया है। दिल्ली पुलिस भाजपा नेता को हरियाणा के जिला कुरुक्षेत्र से दिल्ली लेकर रवाना हो चुकी है। पंजाब पुलिस यह दावा लगातार कर रही है कि बग्गा की गिरफ्तारी नियमानुसार की गई है।