सीएम विंडो व ट्विटर हैंडल पर लोगों का दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है विश्वास
न्यूज डेक्स हरियाणा
चंडीगढ़। आमजन की व्यक्तिगत व सार्वजनिक शिकायतें तथा सुझाव सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुचाने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा आरम्भ की गई सीएम विंडो व उनका ट्विटर हैंडल लोगों को खूब रास आ रहा है। ट्विटर के अलावा प्रतिदिन 424 शिकायतें अप्रैल, 2022 में सीएम विंडो पर प्राप्त हुई हैं। चंडीगढ़। मुख्यालय से सीएम विंडो की निगरानी कर रहे मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भूपेश्वर दयाल के अनुसार सुशासन दिवस के अवसर पर वर्ष 2014 में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जनसाधारण की सुविधा व उनकी समस्या के त्वरित निपटान के लिए सीएम विंडो की व्यवस्था का शुभारंभ किया था। अब तक 9,59,156 शिकायतें इस व्यवस्था पर प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 8,85,840 शिकायतों का निपटान किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि अप्रैल, 2022 में 12,708 शिकायतें प्राप्त हुई हैं और इनका त्वरित निपटान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कि मुख्यमंत्री के निर्देश हैं कि जो अधिकारी सीएम विंडो पर आई शिकायतों के त्वरित निपटान में गंभीरता से कार्य न करे उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। भूपेश्वर दयाल ने बताया कि हाल ही में इसी कड़ी में फरीदाबाद की समाज कल्याण अधिकारी को फर्जी सामाजिक सुरक्षा पेंशन बनाकर सरकारी धनराशि के गबन के आरोप में निलम्बित कर उसके विरूद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया गया।
ओएसडी के अनुसार इस व्यवस्था पर प्रदेश के लोगों का विश्वास दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है और अब लोग आरटीआई से भी ज्यादा इस प्रणाली से प्रभावित हैं। इसका असर यह है कि सीएम विंडो पर अप्रैल माह में ही 12,708 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें जिला हिसार अग्रणी रहा, जहां से सर्वाधिक 911 शिकायतें प्राप्त हुई। इसी प्रकार, सिरसा से 765 शिकायतें, कैथल से 733 शिकायतें, फरीदाबाद व पानीपत से 710-710 शिकायतें, रोहतक व गुरुग्राम से 699-699 शिकायतें, भिवानी से 689 शिकायतें प्राप्त हुई। अन्य जिलों में जींद से 577 शिकायतें, महेन्द्रगढ़ से 569 शिकायतें, यमुनानगर से 567 शिकायतें, करनाल से 543 शिकायतें, पलवल से 525 शिकायतें, सोनीपत से 512 शिकायतें, झज्जर से 504 शिकायतें, कुरुक्षेत्र से 494 शिकायतें, रेवाड़ी से 452 शिकायतें, नूंह से 434 शिकायतें, फतेहाबाद से 410 शिकायतें, अम्बाला से 317 शिकायतें, पंचकूला से 284 शिकायतें, चरखी दादरी से 225 शिकायतें आई हैं जबकि चंडीगढ़ से भी 389 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का मानना है कि लोगों को छोटी-मोटी शिकायतों के लिए दूर-दराज के गांव व कस्बों से मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने के लिए चंडीगढ़ न आना पड़े और इसके साथ ही उनके समय व पैसे की बचत भी हो इसलिए प्रदेश की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री ने 25 दिसम्बर को सुशासन दिवस के अवसर पर इस व्यवस्था को आरम्भ किया था। ओएसडी के अनुसार लोग अब सीधे मुख्यमंत्री आवास चंडीगढ़ व हरियाणा सिविल सचिवालय में मुख्यमंत्री के कार्यालय व मंत्रियों के कार्यालयों, जिला लघु सचिवालयों में उपायुक्त कार्यालय, उप-मण्डल कार्यालय में एसडीएम ऑफिस में स्थापित सीएम विंडो काउंटर में से किसी भी स्थान पर अपनी शिकायत भेज सकते हैं।