चित्रकला प्रदर्शनी में भारतीय संस्कृति के दर्शन होते हैं: बिशू पराजुली
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग व ललित कला विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आयोजित तीन दिवसीय कला उत्सव के समापन अवसर पर देशभर से आए कलाकारों की चित्रकलाओं को देखकर यूएन निदेशक विश्व खाद्य कार्यक्रम के कंट्री निदेशक बिशू पराजुली ने कहा कि चित्रकला प्रदर्शनी में देशभर से आए कलाकारों ने अपनी चित्रकलाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति का विविध आयामी स्वरूप प्रस्तुत किया है। यहां पर लगाई गए चित्रकला प्रदर्शनी कलाकारों की स्तरीयता को दर्शाती है।
इसके लिए मैं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा को बधाई देता हूं कि उन्होंने भारत के राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों से मिलने का सुअवसर प्रदान किया। इस अवसर पर कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि तीन दिन तक चले इस कला उत्सव में देशभर से आए कलाकारों ने भारत के अलग-अलग राज्यों की कलाओं के रंग चित्र कलाओं में उकेरे हैं। इसके साथ भारत की लोक सांस्कृतिक परम्परा भी प्रदर्शनी में देखने को मिली है। इसके लिए मैं युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग को बधाई देता हूं।
इससे पूर्व बिशू पराजुली का युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक ने पुष्पगुच्छ देकर कला उत्सव के समापन अवसर पर उनका स्वागत किया। यूएन निदेशक एवं कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने देशभर से आए राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार काली चरण गुप्ता, हर्षवर्धन शर्मा, अखिलेश, धर्मेंद्र राठौर, प्रो. हेमन्त द्विवेदी, सुरिन्द्र जगताप, मदन लाल, डॉ. अनूप कुमार चंद, नरिन्द्र शर्मा व इजहार आलम को युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की ओर से अंग वस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
कला उत्सव के विषय में डॉ. महासिंह पूनिया ने बताया कि युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की ओर से विश्वविद्यालय में पहली बार कला उत्सव का आयोजन किया गया जिसमें विश्वविद्यालय से संबंधित महाविद्यालयों के ललित कला विभागों के हजारों छात्रों ने प्रदर्शनी, कार्यशाला एवं संगोष्ठियों में भाग लिया। आने वाले दिनों में यह कला उत्सव अपना बड़ा स्वरूप लेगा। हरियाणा को कला के क्षेत्र में इस उत्सव के माध्यम से और अधिक पहचान मिलेगी।इस अवसर पर अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. मंजूला चौधरी, प्रो. शुचिस्मिता, प्रो. रामविरंजन, प्रो. ब्रजेश साहनी, डॉ. पवन कुमार, वरिष्ठ पत्रकार सौरभ चौधरी, डॉ. गुरचरण सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
आने वाले दिनों में कला उत्सव लेगा बड़ा स्वरूप
विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कला उत्सव कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। अगले वर्षों में यह कला उत्सव कला प्रेमियों, लोक कलाकारों, चित्रकारों, फोटोग्राफर्स, यायावरों, डिजाईनर्स के लिए विशेष आकर्षण केन्द्र रहेगा। इसमें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय तथा हरियाणा के कलाकारों के लिए यह उत्सव विशेष आकर्षण का केन्द्र होगा।