पूर्व सीएम अखिलेश यादव के ट्वीट पर ताने,लिखा था झूठ के लम्हे होतें हैं सदियां नहीं
एफबी पर कटाक्ष –अबे तुम लोग तो ऐसे बोल रहे हो जैसे स्वतंत्रता सेनानी जेल से वापस आ रहा है
न्यूज डेक्स इंडिया
दिल्ली। सत्ताइस माह बाद सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद सीतापुर जेल से रिहा हुए सपा के दिग्गज नेता आजम खान का उनके राजनीतिक खेमे और चाहने वालों में गर्मजोशी से स्वागत हो रहा है। जेल के बाहर आते ही आजम के गले लगने और गले पड़ने का सिलसिला भी शुरु हो चुका है। जेल के बाहर आते ही शिवपाल यादव उनके गले लगे तो उनके गर्मजोशी से हो रहे स्वागत से खिलाफत कर रहे खेमे में उबाल है। आजम के प्रति गुस्से का यह लावा सोशल मीडिया पर बाहर आ रहा है। अपनी वेशभूषा में अमूमन टोपी पहने नजर आने वाले आजम के हाथ में टोपी है और सुनहरे लाल रंग में रंगे बाल दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर पूछा जा रहा है कि क्या जेल में बाल रंगने के लिए कलर भी मिलते हैं। कोई सोशल मीडिया पर सवाल पूछ रहा है कि यह कोई ओलंपिक में गोल्ड मेडल लेकर नहीं आए है,जो इतना गर्मजोशी से स्वागत कर रहे हो। निशाने पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव का वह ट्वीट साफ दिख रहा है,जिसमें उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है हार्दिक स्वागत है आपका। अखिलेश यादव का पूर्व ट्वीट इस प्रकार है सपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक माननीय आजम खान जी के जमानत पर रिहा होने उनका हार्दिक स्वागत है।जमानत के इस फैसले से सर्वोच्च न्यायालय ने न्याय को नए मानक दिए हैं।पूरा एतबार है कि वो अन्य सभी झूठे मामलों-मुकदमों में बाइज्जत बरी होंगे। अंत में अखिलेश ने लिखा है झूठ के लम्हे होते हैं सदियां नहीं।
सोशल मीडिया पर एक ने व्यंग्यात्मक शैली में लिखा है कि अबे तुम लोग तो ऐसे बोल रहे हो जैसे स्वतंत्रता सेनानी जेल से वापस आ रहा है।स्माइलिंग इमोजी के साथ आगे लिखा है कि लगता है अब इसकी गाड़ी पलटा के मानोगे।एक ने एफबी पर लिखा है कि कुछ दिन बाद फिर अंदर जाएगा।