कांग्रेस को अपने अडियलपन से खुद हुड्डा ही खत्म कर देंगे : पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह
डॉ. प्रदीप गोयल/न्यूज डेक्स संवाददाता
शाहाबाद। रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह ने देवी मंदिर धर्मशाला में डा. छवि प्रकाश शर्मा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रदेश में जजपा का कोई जनाधार नहीं है। निकाय चुनावों में भाजपा का बिना गठबंधन के लड़ना एक सही फैसला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें छोटे से छोटा कार्यकर्ता बड़े से बड़ा पद प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा की तैयारी अन्य सभी पार्टियों से बहुत ज्यादा है और प्रदेश की जनता निकाय चुनावों में भी भाजपा प्रत्याशियों को जीताएगी।
कांग्रेस पार्टी के बारे में पूछे गए प्रश्न पर पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अडियलपन ही कांग्रेस को अंदरूनी तौर पर खत्म कर देगा। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा को वह कांग्रेस पार्टी से ज्यादा जानते है। प्रदेश में कांग्रेस की कमान हुड्डा के हाथ में देने से प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का पतन निश्चित है। कुरूक्षेत्र में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की रैली पर पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस रैली में दिल्ली और पंजाब से लोगों की भीड़ जुटाई गई है। हरियाणा में आम आदमी पार्टी में केवल लोभी लोग शामिल हो रहे है। इससे पहले पूर्व मंत्री चौ. वीरेंद्र सिंह का कार्यक्रम के आयोजक डा. छवि प्रकाश शर्मा, डा. रविंद्र शर्मा ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।