प्रधानमंत्री के आह्वान पर 14 अगस्त 2022 को कुरुक्षेत्र में पंचनद स्मारक ट्रस्ट की तरफ से मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका कार्यक्रम
प्रदेश के हर क्षेत्र से लोगों को दिया जा रहा है 14 अगस्त का निमंत्रण
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। पंचनद स्मारक ट्रस्ट के प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र के गांव मसाना में बनने वाला शहीदी स्मारक देश और दुनिया का एक ऐतिहासिक स्मारक होगा। इस स्मारक के साथ लाखों लोगों की भावनाएं जुड़ेंगी। जिस स्मारक के साथ लोगों की भावनाएं जुड़ेंगी, वह निश्चित ही एक दर्शनीय स्थल के रुप में पहचान बनाएगा। इस प्रोजेक्ट पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वयं रुचि लेकर काम कर रहे है।
विधायक सुभाष सुधा शहर वासियों को 14 अगस्त 2022 के कार्यक्रम के निमंत्रण देने के लिए लोगों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक पन्नों में हिन्दुस्तान-पाकिस्तान विभाजन के समय करीब 10 लाख लोगों की शहादत की याद में बनने वाला स्मारक स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। इन ऐतिहासिक पन्नों में एक नया अध्याय जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुवाई में स्मारक निर्माण का कार्य पंचनद स्मारक ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। अहम पहलू यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली लाल किले से 14 अगस्त के दिन को विभाजन विभीषिका दिन के रुप में मनाने की घोषणा की थी। इस घोषणा के अनुसार ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से 14 अगस्त 2022 को पंचनद स्मारक ट्रस्ट की तरफ से विभाजन विभीषिका दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान और पाकिस्तान के विभाजन के समय में अनुमान लगाया कि पंजाबी समुदाय के साथ-साथ अन्य समाज के करीब 10 लाख लोग शहीद हुए थे। इन लोगों के बलिदान को पंजाबी समुदाय कभी भुला नहीं पाया है और ना ही इनकी स्मृति में देश में कहीं भी स्मारक नहीं बनाया गया। इस स्मारक के निर्माण कार्य को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पंचनद स्मारक ट्रस्ट से स्वामी धर्मदेव जी महाराज के अगुवाई में रूपरेखा तैयार की गई और वर्ष 2015 में शहीदी स्मारक बनाने की योजना को अमलीजामा पहनाने का काम किया गया। पंचनद स्मारक ट्रस्ट की तरफ से 14 अगस्त 2022 को पिपली या कुरुक्षेत्र अनाज मंडी में विभाजन विभीषिका दिवस के रुप में मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा और मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वयं प्रधानमंत्री को निमंत्रण देंगेे।