संगीत अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का अच्छा माध्यम : सुभाष सुधा
सामूहिक नृत्य में सहारा कॉम्प्रिहेंसिव स्कूल व समूह गान में दा माइलस्टोन स्कूल कैथल रहा प्रथम
सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र ने पांचवी अंतरराज्यीय संगीत प्रतियोगिता का किया आयोजन
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र की ओर से बच्चों में प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से पांचवी अंतर राज्यीय संगीत प्रतियोगिता का आयोजन कला कीर्ति भवन में किया गया। प्रतियोगिता दो वर्गों समूह गान व सामूहिक नृत्य में आयोजित की गई। सामूहिक नृत्य में सहारा कॉम्प्रिहेंसिव स्कूल व समूह गान में दा माइलस्टोन स्कूल कैथल प्रथम रहा। मुख्य अतिथि थानेसर के विधायक सुभाष सुधा, विशिष्ट अतिथि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से म्यूजिक एंड डांस विभाग की चेयरपर्सन प्रो. शुचिस्मिता शर्मा, केडीबी सदस्य सौरभ चौधरी व सीएम एमिनेंट पर्सन प्रदीप झांब ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों का समारोह में पधारने पर सतयुग दर्शन चेरिटेबल डिस्पेंसरी एवं कला केंद्र फरीदाबाद के प्रिंसीपल दीपेंद्र कांत, केंद्र के स्थानीय अध्यक्ष एचसी मुंजाल, के.एल छाबड़ा, सदस्य जितेंद्र अरोड़ा, जेके नागपाल, लक्की मुंजाल ने बुके भेंट कर स्वागत किया। प्रतियोगिता में 30 स्कूलों के 172 बच्चों ने देशभक्ति गीत और भक्ति गीत पर सामूहिक रुप से प्रस्तुति दी।
मुख्यातिथि विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास की भावना जागृत होती है। संगीत अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का अच्छा माध्यम है। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि बच्चों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए। यदि बच्चे लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ेंगे तो बड़े होकर वे अवश्य ही कामयाब होंगे। ऐसे कार्यक्रम आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे है जिसके लिए सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र बधाई का पात्र है। विधायक सुभाष सुधा ने केंद्र को 5 लाख रुपये अनुदान देने की घोषणा की। सुभाष सुधा ने समारोह में मौजूद लोगों से 14 अगस्त को कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी में होने वाले विभाजन विभाषिका दिवस में शामिल होने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि विभाजन विभाषिका दिवस पर बंटवारे के समय लगभग 10 लाख लोगों की शहादत को याद किया जाएगा। इसके लिए सरकर को 25 एकड़ भूमि प्रदान की जाएगी।
समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद प्रो. शुचिस्मिता शर्मा ने कहा कि बहुत कम संस्था है जो संस्कृति के लिए काम करती हो। सतयुग केंद्र द्वारा बच्चों को संगीत जैसी विद्या से जोड़कर संस्कारों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। संगीत हमें अनुशासन सीखाता है। सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र फरीदाबाद के प्रिंसीपल दीपेंद्र कांत ने बताया कि इस अंतर प्रादेशिक संगीत प्रतियोगिता का आयोजन कुरुक्षेत्र, अंबाला, रेवाड़ी, सोनीपत, मुरादाबाद, पानीपत, रोहतक, गुड़गांव एवं दिल्ली में किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी 8 अगस्त को वसुंधरा फरीदाबाद में होने वाले ग्रेंड फिनाले में भाग लेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 5100 रुपये, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले को 3100 रुपये और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले स्कूल को 2100 रुपये की नगद राशि, सर्टिफिकेट और ट्रॉफी दी जाएगी। निर्णायक की भूमिका डा. रवि गौतम, सुरेश शर्मा, हीना रॉय व संजना ने निभाई। मंच संचालन अंकिता अरोड़ा व मिनल मुंजाल ने किया। इस मौके पर भाजपा नेता डीपी चौधरी, जेके नागपाल, कांता मुंजाल, लक्की मुंजाल, अंकिता अरोड़ा, कला केंद्र की प्रिंसीपल अनु ललित, सदस्य अंजु, भावना, कुलभूषण, कीर्ति, रेनू, संजना, मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के परिणाम
समूह गान में दा माइलस्टोन स्कूल कैथल प्रथम, सहारा कॉम्प्रिहेंसिव स्कूल द्वितीय व मनीष पपनेजा स्कूल इस्माईलाबाद तीसरे स्थान पर रहा। वही सामूहिक नृत्य में सहारा कॉम्प्रिहेंसिव स्कूल प्रथम, ग्रीन फिल्ड पब्लिक स्कूल द्वितीय व एसकेएस इंटरनेशनल स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। अतिथियों व समारोह के आयोजकों ने सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।