न्यूज डेक्स संवाददाता
नीलोखेड़ी-करनाल। देश के आजादी के 75वें अमृत महोत्सव को हर कोई खास मनाना चाहता है। शैक्षणिक, धार्मिक और सामाजिक संस्थाएं भी इस अभियान में जुट गई हैं। वहीं हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत विस्तार शिक्षा संस्थान नीलोखेड़ी ने भी इसे खास तरीके से मनाने की तैयारी पूरी कर ली है। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव पर संस्थान से शुक्रवार को 75 बाइकों पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम के बारे में बताते हुए संस्थान के क्षेत्रीय निदेशक डॉक्टर नसीब सिंह ने कहा कि चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हर घर तिरंगा अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहा है।
इसी कड़ी में विस्तार शिक्षा संस्थान नीलोखेड़ी भी 12 अगस्त को लगभग 75 बाइकों पर तिरंगा यात्रा निकलने जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां कर ली गई है। यात्रा में संस्थान के समस्त कर्मचारी एवं स्थानीय लोग हिस्सा लेंगे। स्थानीय लोगों को यात्रा से जोड़ने के लिए क्षेत्रीय निदेशक के द्वारा नीलोखेड़ी ब्लाक के गणमान्य व्यक्तियों के साथ एक मीटिंग भी की गई है एवं उन्हें हर घर तिरंगा अभियान के तहत इस यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया गया है। प्रो. नसीब सिंह ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ाना एवं राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूक करना है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर बीआर कंबोज ने अधिकारियों की मीटिंग लेकर इस आयोजन को सफल बनाने की पूरी तैयारी करने के आदेश दिए हैं।