राष्ट्र के गौरव व स्वाभिमान का प्रतीक है तिरंगा : स्वामी ज्ञानानंद
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में गीता ज्ञान संस्थान में जीओ गीता युवा चेतना तथा श्री कृष्ण कृपा परिवार की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा, कुरुक्षेत्र सीएमओ डा. सुखबीर सिंह, युवा भाजपा नेता राहुल राणा ने विशेष रूप से भाग लिया। हाथों में तिरंगा उठाए भारत माता की जय करते हुए तिरंगा यात्रा संस्थान से बीआर चौक तक गई और वापिस गीता ज्ञान संस्थान में आकर संपन्न हुई। इस दौरान वंदे मातरम और भारत माता की जय से वातावरण गूंज उठा। राष्ट्रगान के साथ तिरंगा यात्रा संपन्न हुई। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि तिरंगा भारत का गौरव है। देश की आन बान और शान है। इस तिरंगे के सम्मान के लिए देश के स्वाधीनता आंदोलन में स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राण न्योछावर किए लेकिन तिरंगे की आन पर आंच नहीं आने दी। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान भारत के गौरव और भारत की परंपराओं का सम्मान है। तिरंगे का सम्मान राष्ट्र का सम्मान है और उन स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।
गीता मनीषी ने कहा कि हर घर तिरंगा मुहिम देश की आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर चलाई गई है। 3 दिन तक प्रत्येक भारतवासी को अपने निवास और संस्थान पर तिरंगा लगाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा, सीएमओ सुखबीर सिंह व युवा भाजपा नेता राहुल राणा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस तिरंगा यात्रा में श्री कृष्ण कृपा समिति के प्रधान हंसराज सिंगला संकीर्तन प्रमुख सुनील वत्स, राजेंद्र चोपड़ा, मनीष सिंधवानी, पूर्व एमसी पवन भारद्वाज, रविंद्र कुमार, साहब सिंह, अशोक अरोड़ा, मनीष, राजेंद्र सिंह, अतुल कौशिक, साहिल, नवीन भारद्वाज, भारत, बलजिंदर सिंह, प्रिंस, रोबिन, रमाकांत, देवेंद्र कुमार, विजय नरूला, श्याम आहूजा, दीपक, प्रदीप, वासुदेव व मदन लाल सहित कृष्ण कृपा परिवार से जुड़े अनेक भक्तों ने भाग लिया। संस्थान में चलाई जा रही वेद पाठशाला के विद्यार्थियों ने भारतीय भेषभूषा धोती कुर्ता पहनकर तिरंगा यात्रा में भा लिया।