सेवानिवृत्त कैप्टन गुरमेल सिंह और सेवानिवृत्त सूबेदार रविन्द्र कौशिक को भी किया गया सम्मानित
आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर विभाग ने शेख चेहली मकबरे के निकट हर्षवर्धन पार्क में लहराया 15 फुट ऊंचा झंडा
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 15 अगस्त–
भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण विभाग भारत सरकार द्वारा आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर शेखचेहली मकबरे के निकट हर्षवर्धन पार्क में ध्वजारोहण किया गया। इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कैप्टन गुरमेल सिंह तथा सेवा निवृत्त सूबेदार रविन्द्र कौशिक मुख्यातिथि थे। ध्वजारोहण के पश्चात् विभाग द्वारा नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की सेना में रहकर देश सेवा करने वाले स्वतंत्रता सेनानी कुरुक्षेत्र निवासी स्व. पंडित अमरनाथ शर्मा की धर्मपत्नी वीरांगना सीता देवी को उनके निवास स्थान पर जाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ-साथ विभाग ने भारतीय सेना में रहकर देश सेवा करने वाले कैप्टन गुरमेल सिंह और सूबेदार रविन्द्र कौशिक को भी सम्मानित किया। वीरांगना सीता देवी को सम्मानित करते हुए कैप्टन गुरमेल सिंह और सूबेदार रविन्द्र सिंह ने कहा कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस द्वारा गठित आजाद हिंद फौज का देश की आजादी में विशेष योगदान रहा और आज नेता जी के सहयोगी रहे स्वतंत्रता सेनानी स्व. पंडित अमरनाथ शर्मा की धर्मपत्नी वीरांगना सीता देवी को सम्मानित करके व अपने आपको गौरावान्वित महसूस कर रहे हैं। ध्वजारोहण कार्यक्रम में स्व. तुलसीदेवी मैमोरियल स्कूल के विद्यार्थियों ने सेना के पूर्व अधिकारियों कैप्टन गुरमेल सिंह तथा सूबेदार रविन्द्र कौशिक के नेतृत्व में तिरंगा हाथ में लेकर तिरंगा यात्रा निकाली। इस अवसर पर भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण विभाग विभाग के अधिकारी पी.सी. मित्तल, जितेन्द्र शर्मा, अनुराग लोहचब, दीपांशु वाशिष्ठ, कपिल शर्मा तथा धर्म सिंह सहित अनेक कर्मचारियों ने ध्वजारोहण कार्यक्रम तथा तिरंगा यात्रा में भाग लिया। भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण विभाग भारत सरकार के अधिकारी जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर विभाग द्वारा देशभर में 75 स्मारकों पर कार्यक्रम आयोजित करके 15 फुट का झंडा फहराया गया है। इसी के साथ-साथ देशसेवा करने वाले सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों को विभाग की ओर से सम्मानित भी किया गया।ध्वजारोहण के पश्चात अपने सम्बोधन में कैप्टन गुरमेल सिंह ने कहा कि तिरंगा राष्ट्र का गौरव है। भारत की आन-बान और शान है। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार रविन्द्र कौशिक ने अपने सम्बोधन में कहा कि तिरंगे की आन, बान और शान के लिए देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने अपनी कुर्बानी दी थी और भारत को आजाद करवाया था। उन्होंने कारगिल का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने तिरंगे को झुकने नहीं दिया और दुश्मन की सेना पर विजय पाई थी। इस प्रकार सेना ने तिरंगे की आन-बान और शान को कायम रखा था। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत का गौरव है। इसमें केसरिया रंग जहां शौर्य का प्रतीक है और हरा रंग खुशहाली का प्रतीक है वहीं झंडे में सफेद रंग शांति का प्रतीक है और तिरंगे के बीच में स्थापित अशोक चक्र दिन रात आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव से घर-घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत देशवासियों में तिरंगे के प्रति जज्बा और अधिक मजबूत होगा। फोटो परिचय : भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण विभाग के अधिकारी वीरांगना सीता देवी को उनके निवास स्थान पर स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित करते हुए, साथ में भारतीय सेना के सेवानिवृत्त कैप्टन गुरमेल सिंह तथा सेवानिवृत्त सूबेदार रविन्द्र कौशिक।