न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार शहीद डीएसपी सुरेंद्र कुमार मांझू के परिजनों के साथ खड़ी है और परिजनों को हर संभव सहयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को कुरुक्षेत्र सेक्टर 4 में स्थित शहीद डीएसपी सुरेंद्र कुमार मांझू के निवास स्थान पर पहुंचे। यहां पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शहीद डीएसपी सुरेंद्र कुमार मांझू की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर के श्रद्धांजलि अर्पित की और मुख्यमंत्री ने शहीद डीएसपी सुरेंद्र कुमार मांझू की धर्मपत्नी कौशल्या देवी, बेटे सिद्धार्थ व भाई अशोक बिश्नोई से दु:ख साझा किया।
मुख्यमंत्री ने शहीद डीएसपी सुरेंद्र कुमार मांझू की धर्मपत्नी कौशल्या देवी से बातचीत भी की। इस दौरान बिश्नोई समाज की तरफ से ओमप्रकाश बिश्नोई, सरजीत सिंह बिश्नोई, भगवान दास, आत्मा राम, छोटू राम, हनुमान, राजेश और अशोक कुमार ने भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल को एक मांगपत्र सौंपा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ-साथ सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, उपायुक्त मुकुल कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया, एसडीएम अदिति, डीएसपी सुभाष चंद्र, समाज सेवी एडवोकेट अक्षय नंदा, रामकिशन दुआ आदि ने भी शहीद डीएसपी सुरेंद्र सिंह माझू को श्रद्घाजंलि अर्पित की है।