4 सितम्बर को गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सान्निध्य में संस्थानम् में होगी मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा
3 सितम्बर को नगर में निकाली जाएगी विशाल शोभायात्रा
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। गीता मनीषा स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सान्निध्य में कार्यरत श्रीकृष्ण कृपा गौशाला एवं सेवा समिति की ओर से कान्हा जी का छटी उत्सव श्रद्धा व उल्लास के साथ गीता स्थानम् में गत देर रात्रि तक मनाया गया। इस अवसर पर पानीपत से आए प्रसिद्ध भजन गायक राजू हंस ने श्री राधा जी व श्री कृष्ण भाव के भजन सुनाकर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्सव का शुभारंभ मुख्यातिथि सीएमओ डॉ. सुखबीर सिंह तथा वशिष्ठ अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी शीशपाल सिंगला ने दीप प्रज्जवल कर किया। देररात्रि तक आयोजित इस भजन संध्या में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और कान्हा जी का नामकरण भी किया।
चनारथल निवासी सुरेश देवी को कान्हा जी नामकरण का प्रथम पुरस्कार मिला, जबकि द्वितीय पुरस्कार कन्हैया ने और तृतीय नमना गहलावत ने प्राप्त किया। कान्हा के जन्म के बाद छटी उत्सव मनाने की परम्परा है और श्री गौशाला सेवा समिति प्रतिवर्ष छटी उत्सव धूमधाम से मनाती है। इस अवसर पर समिति के प्रधान हंस राज सिंगला, महेन्द्र सिंगला, मंगत राम मेहता और समिति के महासचिव एवं संकीर्तन प्रमुख सुनील वत्स सहित सभी सदस्य मौजूद रहे। भजन संध्या के पश्चात् भंडारा आयोजित किया गया। सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
4 सितम्बर को संस्थानम में होगा मूर्ति प्रतिष्ठा समारोह
समिति के महासचिव एवं संकीर्तन प्रमुख सुनील वत्स ने बताया कि 4 सितम्बर को संस्थानम में कृष्ण और राधा जी के स्वरूप के साथ-साथ अनेक मूर्तियों की प्राणप्रतिष्ठा होगी। इस प्राण प्रतिष्ठा उत्सव में रमन रेती वाले श्री गुरु शरणानंद महाराज विशेष रूप से भाग लेने के लिए आएंगे। यह सारा कार्यक्रम गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के पावन सान्निध्य में होगा। 4 सितम्बर को ही सायं 6.30 बजे प्रसिद्ध भजन गायक चित्र-विचित्र की भजन संध्या होगी। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 3 सितम्बर को मूर्तियों की विशाल शोभायात्रा गीता ज्ञान संस्थानम से दोपहर 3 बजे शुरू होगी, जोकि नगर के प्रमुख बाजारों से होती हुई सायंकाल को संस्थानम् में जाकर सम्पन्न होगी। इस भव्य शोभायात्रा का नगर में स्थान-स्थान पर धार्मिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।