कुरुक्षेत्र के विकास में विशेष सहयोग है श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा का : सुभाष सुधा
सभा ने सभी संस्थाओं को एक सूत्र में पिरोकर किया सराहनीय कार्य : विधायक
वामन द्वादशी मेले में सहयोग देने वाली संस्थाओं को श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा ने किया सम्मानित
विधायक सुभाष सुधा ने रेणुका सदन में सांसद निधि से लिफ्ट लगाने की घोषणा की,सभा ने जताया आभार
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा ने वामन द्वादशी मेले के आयोजन में नगर की अग्रणी धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं को एकसूत्र में पिरोकर बड़ा ही सराहनीय कार्य किया है। इस प्रकार के सामूहिक आयोजनों से आपसी भाईचारा और प्रेम बढ़ता है। यह विचार थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा द्वारा वामन द्वादशी मेले के आयोजन में सहयोग देने वाली संस्थाओं के सम्मान में रेणुका सदन में आयोजित समारोह को मुख्यातिथि के रूप में संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सभा के मुख्य सलाहाकार जयनारायण शर्मा, प्रधान श्याम सुंदर तिवारी और प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा ने मुख्यातिथि सुभाष सुधा को पटका पहनाकर स्वागत किया। आचार्य नरेश के नेतृत्व में वेदपाठी ब्राह्मणों ने वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच विधायक को आशीर्वाद दिया। इस कार्यक्रम में सभा की ओर से विधायक ने सहयोग देने वाली सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानस्वरूप पटका भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विधायक ने श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा द्वारा स्थापित रेणुका सदन में सांसद निधि से लिफ्ट लगाने की घोषणा की,जिस पर सभा ने आभार जताया है।
यह समारोह श्रीस्थाण्वीश्वर महादेव मंदिर के कोठारी महंत रंगनाथ पुरी तथा अद्वैत स्वरूप आश्रम (नगली वाली कुटिया) महात्मा जी के सान्निध्य में संपन्न हुआ। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि ही सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का कुरुक्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। सभा ने वामन द्वादशी मेले का लगभग 25 वर्ष के बाद जो पुनर्जागरण किया है उसमें सभी संस्थाओं का सहयोग लेकर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से हरियाणा सरकार वामन द्वादशी मेले को और अधिक भव्य रूप से आयोजित करने में सभा का सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी धार्मिक आयोजन समाज और संस्थाओं के सहयोग से ही विशाल रूप ले सकता है। इस बात को वामन द्वादशी मेले के आयोजन से सभा और दूसरी संस्थाओं ने सिद्ध कर दिया है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मेले का जो स्वरूप था इस वर्ष उसने बड़ा रूप लिया है और भविष्य में इस मेले का डंका पूरे प्रदेश और देश में गूंजेगा। यही धर्मनगरी की पहचान है और श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा इसमें सार्थक प्रयास कर रही है। सुधा ने कहा कि वह श्रद्धा और आस्था के केंद्र सन्निहित सरोवर को और अधिक भव्य व स्वच्छ बनाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार करवाकर मुख्यमंत्री से स्वीकृत करवाएंगे। सभा का अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती सहित अन्य धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में विशेष सहयोग रहता है। सभी संस्थाओं को एक मंच पर लाने का जो प्रयास सभा ने किया है उसके लिए सभा के पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं।
कार्यक्रम में पहुंचने पर सभा के मुख्य सलाहकार जयनारायण शर्मा ने कहा कि विधायक सुभाष सुधा के कारण ही नगर की सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं एकजुट हुई हैं। सुधा सभी अग्रणी संस्थाओं की सलाह से ही धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के विकास में कार्यरत है। उन्होंने वामन द्वादशी मेले में सहयोग देने वाली सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार का सहयोग मिलता रहेगा। जयनारायण सभा ने कहा कि श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा से विधायक सुधा का विशेष लगाव है। कार्यक्रम का मंच संचालक करते हुए सभा के प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा ने वामन द्वादशी मेले में सहयोग देने वाली संस्थाओं के सभी प्रतिनिधियों का सभा की ओर से आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि सभी संस्थाएं एकजुट होकर कुरुक्षेत्र में समय-समय पर सामूहिक रूप से धार्मिक आयोजन करेंगी। कार्यक्रम के अंत में सभा के प्रधान श्याम सुंदर तिवारी ने विधायक सुभाष सुधा तथा सभी संस्थाओं का सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया।
इन संस्थाओं के प्रतिनिधियों को किया गया सम्मानित
श्रीकृष्ण कृपा परिवार, श्रीस्थाणु सेवा मंडल, श्रीशिवशक्ति सेवा मंडल, श्रीजयराम संस्थाएं, जीआे गीता, खाटू श्याम परिवार सेवा समिति, श्रीशिवरात्रि सेवा मंडल, श्रीशिरड़ी साईं सेवा संघ, श्रीवैश्य अग्रवाल पंचायत, अखिल भारतीय सारस्वत ब्राह्मण सभा, श्रीसनातन धर्म गोशाला, गुरु रविदास मंदिर एवं धर्मशाला सभा, श्रीहनुमान मंदिर सभा पुरानी सब्जी मंडी, बर्फानी सेवा मंडल, शीतला माता सेवा समिति, ब्रह्मरोवर स्थित श्रीदुर्गा माता सेवा समिति, प्रेस क्लब कुरुक्षेत्र, हरियाणा ब्राह्मण धर्मशाला एवं छात्रावास, श्रीशिवरात्रि सेवा मंडल, पाल गडरिया समाज, लायंस क्लब, फिनिक्स क्लब, रोटरी क्लब, श्रीमां कात्यायनी मंदिर, मुल्तान सभा, उमंग समाजसेवी संस्था, दर्राखेड़ा सेवा समिति, अद्वैत स्वरूप आश्रम, भारतीय नौजवान सभा, रेडीमेट गार्मेंट एसोसिएशन, होटल एसोसिएशन, प्रजापत जागरूक समाज, हरियाणा पिछड़ा वर्ग समाज, सेवा ट्रस्ट यूके, आंबेडकर चौक मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का पटका पहनाकर सम्मान किया गया। वहीं प्रसाद सेवा के लिए राकेश तिवारी, कबड्डी प्रतियोगिता के प्रभारी राधेश्याम शर्मा डीपीई, कुश्ती दंगल के प्रभार पहलवान वजीर सिंह तथा कर्मचारी नेता डा. संत कुमार को वामन द्वादशी मेले के आयोजन में विशेष सहयोग देने पर सम्मानित किया गया।
कुवि कुलपति से स्थानीय धार्मिक आयोजनों में आधा दिन की छुट्टी करने का प्रस्ताव किया पारित
श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में एक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित करके कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति से मांग की गई कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में वामन द्वादशी मेला, अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह तथा सोमवती अमावस्या जैसे धार्मिक पर्वों पर विश्वविद्यालय में आधा दिन की छुट्टी व्यवस्था दोबारा से लागू की जाए। प्रस्ताव में कहा गया कि कुछ समय पहले विश्वविद्यालय में कुरुक्षेत्र के स्थानीय प्रमुख धार्मिक आयोजनों के अवसर पर आधा दिन के अवकाश की व्यवस्था थी जोकि किन्हीं कारणों से बंद हो गई है। अब उस व्यवस्था को दोबारा से फिर लागू करने की मांग नगर की लगभग 40 से अधिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रस्ताव पास करके किया है।