निःशुल्क बसों में पढ़ने के लिए शहर आने वाली 4 अन्य बेटियों के जन्मदिन के केक भी एक साथ काटे गए
रोहतक में कुंडू फार्म पर हुआ अनूठा आयोजन
सभी बहन-बेटियों ने नाच-गाकर मनाई खुशियां, सभी ने एक साथ बैठकर किया भोजन
न्यूज डेक्स संवाददाता
रोहतक। आज जींद बाईपास रोहतक स्थित कुंडू फार्म पर विधायक भाई बलराज कुंडू की बेटी डॉ. खुशबू के साथ गांवों से पढ़ने के लिए निःशुल्क बसों में रोहतक शहर के कॉलेजों में आने वाली बेटियों के जन्मदिन को एक साथ केक काटकर बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाई बलराज कुंडू एवं उनकी धर्मपत्नी तथा माता-पिता जी ने सभी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए लड़कियों को विभिन्न क्षेत्रों में कामय़ाबी का आशीर्वाद दिया। बेटियों को सम्बोधित करते हुए अपनी दिली ख़्वाहिश का ज़िक्र करते हुए बलराज कुंडू ने कहा कि मुझे अपार खुशी तब होगी जब मेरे क्षेत्र की बेटियां #UPSC जैसी परीक्षाओं में अपनी कामयाबी के झंडे गाड़ेंगी और मेरे महम चौबीसी क्षेत्र का नाम पूरे हिंदुस्तान में रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि आप सिर्फ पढ़ाई पर फोकस करो, आपको आने-जाने या अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना मेरी जिम्मेदारी है। आपके लिए जो 17 फ्री बसें चलाई जा रही हैं वे भी तभी सार्थक होंगी जब मेरे क्षेत्र की बेटियां कामयाब होकर अपने पैरों पर मजबूती से खड़ी होंगी और नारी सशक्तिकरण के सपनों को साकार करेंगी।