जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने किया स्वागत
न्यूज डेक्स संवाददाता
अंबाला। हरियाणा में जननायक जनता पार्टी का कुनबा निरतंर मजबूत हो रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को अंबाला के गांव मटहेड़ी में विभिन्न पार्टियों से जुड़े लोगों ने जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की। जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने अन्य दलों से आए समर्थकों को जेजेपी का पटका पहनाकर विधिवत रूप से पार्टी में शामिल किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी में पूरा मान-सम्मान मिलेगा और उनके आने से पार्टी को मजबूती मिली है। इस दौरान आम आदमी पार्टी नेता निर्मल सिंह के समर्थक कैप्टन सतबीर सिंह भी अपने परिवार व साथियों सहित जेजेपी में शामिल हुए। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पार्टी की नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से निरंतर लोग पार्टी से जुड़ रहे है और जेजेपी का कुनबा निरंतर बढ़ रहा है।
दिग्विजय चौटाला ने संबोधित करते हुए कहा कि जेजेपी ने सत्ता में आने से पहले वादा किया था कि निजी नौकरियों में प्रदेश के युवाओं को 75 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इस पर आते ही कार्य किया। उन्होंने कहा कि मामला कोर्ट में है लेकिन जल्द इसपर प्रदेश युवाओं के हक में फैसला आ जाएगा। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सभी युवा जननायक चौधरी देवीलाल के बुढ़ापा पेंशन के फैसले की तरह इसे भी याद रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के प्रयासों से शहीद भगत सिंह के नाम पर चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम रखा गया जो कि शहीद भगत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि हैं। साथ ही अब भगत सिंह की प्रतिमा भी वहां लगवाने के लिए दुष्यंत चौटाला प्रयासरत हैं।
पत्रकारों द्वारा पंचायत चुनाव के सवाल पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि विकास कार्यों के लिए गांव की सरकार सबसे जरूरी होती है और यह चंडीगढ़ की सरकार से भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि काफी समय से चुनाव पेंडिंग था और अब चुनाव घोषणा के बाद यह प्रक्रिया पूर्ण होगी। आदमपुर विधानसभा उपचुनाव पर उन्होंने कहा कि सब पार्टियां अपने उम्मीदवार उतार रही है और जेजेपी भी इस पर जल्द बैठक कर फैसला लेगी। पत्रकारों द्वारा भाजपा-जजपा गठबंधन के सवाल पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि हम लोगों की भलाई के लिए काम करने के लिए एक साथ आएं हैं और जन विकास ही हमारा मकसद है। इस अवसर पर जेजेपी प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह, जेजेपी के अंबाला प्रभारी सरदार कुलदीप सिंह मुल्तानी, राष्ट्रीय सचिव सुरजीत सिंह सौंडा, शहरी जिलाध्यक्ष हरपाल सिंह कंबोज, ग्रामीण जिलाध्यक्ष दलबीर सिंह पुनिया, प्रदेश प्रवक्ता विवेक चौधरी आदि मौजूद रहे।