न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास हरियाणा प्रांत की प्रांतीय संचालन समिति की ऑनलाईन बैठक शुक्रवार देर सायं आयोजित की गई। बैठक की शुरूआत बांके बिहारी द्वारा गायत्री मंत्र का उच्चारण करने के पश्चात् हुई। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के प्रांत संयोजक प्रो. हितेन्द्र त्यागी ने सभी विषयों के विषय प्रमुखों से महत्वपूर्ण सूचना सांझा की। उन्होंने बताया कि शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा 17,18,19 नवम्बर 2022 को ज्ञानोत्सव-2079 का आयोजन भारतीय कृषि संस्थान, नई दिल्ली में किया जा रहा है जिसका विषय शिक्षा से आत्मनिर्भर भारत है। यह तीसरा ज्ञानोत्सव-2079 कई स्तरों पर बहुत महत्वपूर्ण है, विशेषकर विद्यार्थियों के लिए इसमें कई अवसर है जैसे प्रतियोगिता, परिचर्चा आदि। दो प्रतियोगिताएँ इसके अंतर्गत आयोजित की जा रही हैं जिसमें स्नातक, परास्नातक और शोधार्थियों के लिये आलेख प्रतियोगिता एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर केंद्रित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता है।
इस बैठक में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के हरियाणा प्रांत के अध्यक्ष व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा 17,18,19 नवम्बर 2022 को ज्ञानोत्सव-2079 का आयोजन किया जा रहा है जो देशभर के कुलपतियों, निदेशकों, शिक्षाविदों, शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों एवं छात्रों का “शिक्षा महाकुंभ” है। इस महाकुंभ में ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी व शिक्षक भागीदारी करें इसके लिए हमें विद्यार्थियों व शिक्षकों के बीच जाकर उनको इस ज्ञानोत्सव में पंजीकरण करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि अध्यापकों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विषय पर आलेख प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति के केन्द्रीय बिन्दुओं पर 1000 शब्दों में आलेख आमंत्रित किए गए हैं।
आत्मनिर्भर भारत के प्रांत संयोजक डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने कहा कि नवम्बर माह में दिल्ली में होने वाले ज्ञानोत्सव कार्यक्रम के आयोजन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कई बैठक आयोजित की गई हैं। इस ज्ञानोत्सव में भारत का हर राज्य भागीदारी करें इसका ध्यान रखा गया है। विद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए मेरे सपनों का आत्मनिर्भर भारत विषय पर आयोजित आलेख प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि – 22 अक्टूबर 2022 तथा आलेख भेजने की अंतिम तिथि – 30 अक्टूबर 2022 निर्धारित की गई है। पहले की तुलना में अब पुरस्कार राशि बढ़ाई गई है।
शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सह-संयोजक राकेश भाटिया ने कहा कि 17-18 अगस्त 2019 को आयोजित हुए ज्ञानोत्सव महोत्सव में हरियाणा की भागीदारी ज्यादा थी। इस बार भी हमें वहीं दोहराते हुए यह निश्चित करना है कि इस बार भी इस महाकुंभ मे हरियाणा की भागीदारी ज्यादा हो। हमें विद्यार्थियों व शिक्षकों में भूख जगानी होगी कि वो इसमें ज्यादा से ज्यादा प्रतिभागिता करें। सपनों का भारत इस पर निर्भर करता है। हमें निचले स्तर पर प्रयास करने होंगे। जिससे हम विद्यार्थियों व शिक्षकों को स्कूल, महाविद्यालय तथा विश्वविद्यालय स्तर पर ज्ञानोत्सव में भाग लेने के लिए प्रेरित कर सकें।
इस ऑनलाईन बैठक में न्यास के प्रांतीय संरक्षक डॉ. विवेक कोहली, जीजेयू के पूर्व कुलपति डॉ. राधेश्याम शर्मा, बांके बिहारी, डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी, नंद किशोर, रेखा शर्मा, दीपक वशिष्ठ, डॉ कुलदीप सिंह, विकास पोपली, डॉ. जगत नारायण, जीएस आर्या, डॉ. रेखा शर्मा, डॉ. प्रेम सिंह, जय भगवान शर्मा, अनिल शर्मा, अमित शर्मा, रूपेश गौड, प्रेम कुमार, शिव कांत, जयभगवान शर्मा, डॉ. गोपाल, डा. पुनीत बंसल, डॉ.नरेश कुमार, डॉ. नंद किशोर, अमित भटनागर सहित विभिन्न विषयों के संयोजक व सह-संयोजकों ने भाग लिया।