भाजपा राज में हर वर्ग हो रहा है परेशान : अशोक अरोड़ा
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में किरमिच निवासी सुरेश कुमार वाल्मिकी के साथ दर्जनों लोगों ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। अशोक अरोड़ा ने सभी को कांग्रेस का झंडा भेंट कर उन्हे कांग्रेस में शामिल किया। मंगलवार को पूर्व मंत्री के निवास स्थान पर पहुंचे सुरेश वाल्मिकी, जसवंत सिंह, सुरेंद्र कुमार, जयपाल, लाजपत, रघुवीर सिंह, उग्रसेन, सुमेर चंद, रोशन, रमेश कुमार, राजेंद्र, अशोक, रामकुमार, नरसिंह सहित दर्जनों लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा। पूर्व मंत्री ने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं का पूरा मान-सम्मान किया जाएगा।
पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनेगी। प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी व जननायक जनता पार्टी को नकार दिया है। प्रदेश की जनता हुड्डा राज का याद करने लगी है। आदमपुर चुनाव में कांग्रेस का प्रत्याशी भारी वोटों से जीत दर्ज करवाएगा। उन्होने कहा कि आज देश की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। महंगाई ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। पैट्रोल व डीजल के दाम आसमान को छू रहे हैं। इसके बावजूद भी देश व प्रदेश की निकम्मी भाजपा सरकार विकास की बात करती है। सरकार मे बैठे नुमाईंदों को शर्म आनी चाहिए कि उनके राज में जनता परेशान हो रही है। आज हरियाणा प्रदेश में विभिन्न पार्टियों से कांग्रेस में आने वाले लोगों की कतार लग चुकी है। हर कोई कांग्रेस को अपना समर्थन देकर प्रदेश व देश का विकास करवाना चाहता है। इस मौके पर पूर्व सरपंच रणबीर सिंह, वेदपाल, पूर्व सरपंच राजकुमार, सूबे सिंह व ओम प्रकाश हथीरा सहित अन्य उपस्थित रहे।