खेल मंत्री संदीप सिंह ने खेलो हरियाणा हॉकी प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
प्रदेश भर से हॉकी की 22 टीमें लेंगी भाग
पहले दिन के मैचों में सिरसा, रेवाडी, गुरुग्राम व सोनीपत ने जीते मैच
न्यूज़ डेक्स संवाददाता –
शाहबाद । हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से विभिन्न जिलों के बड़े खेल स्टेडियम में जिम जैसी आधुनिक सुविधाएं खिलाडिय़ों को उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस प्रदेश के खिलाडिय़ों को देश में सबसे ज्यादा प्रतिदिन के हिसाब से 400 रुपए की डाइट भी मुहैया करवाई जा रही है।
खेल मंत्री संदीप सिंह शुक्रवार को शाहबाद हॉकी स्टेडियम में खेलो हरियाणा की राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के उदघाटन सत्र में बोल रहे थे। इससे पहले खेल मंत्री संदीप सिंह ने विधिवत रूप से खेलो हरियाणा हॉकी प्रतियोगिता को शुरू करने की घोषणा की और खिलाडिय़ों से परिचय करके मैचों का भी शुभारंभ किया। खेल मंत्री संदीप सिंह ने खिलाडिय़ों को सम्बोधित करते हुए कहा कि खेलो हरियाणा के तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 20 खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन 20 खेलों में 5 स्वदेशी खेल भी शामिल किए गए है, इन स्वदेशी खेलों को प्रतियोगिताओं में शामिल करके प्रदेश सरकार ने खेलों के साथ-साथ खेल की पराम्परिक सभ्यता को भी सहजेने का काम किया है। इन खेलों को लेकर खेल नर्सियां भी प्रदेश सरकार की तरफ से बनाई जाएंगी।
खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से खिलाडिय़ों को हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है। सभी खेल प्रांगणों में अच्छे इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किया है। इसके साथ ही बडे खेल स्टेडियम में जिम जैसी आधुनिक सुविधाओं को भी बढाने का काम किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की तरफ से खिलाडिय़ों की डाइट में भी ईजाफा किया है, अब खिलाडिय़ों को 400 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से डाइट उपलब्ध करवाई जा रही है। यह डाइट राशि देश के सभी राज्यों से सबसे ज्यादा है। इसके अलावा खेलो हरियाणा में भाग लेने वाले खिलाडियों को अच्छी गुणवता का ट्रैक सूट भी दिया गया है। सरकार का प्रयास है कि खिलाडिय़ों को हर प्रकार की सुविधा मुहैया करवाई जाए और खिलाड़ी अपनी पूरी मेहनत और लगन से खेल कर देश के लिए मेडल लाए।
उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों को अपने माता-पिता के साथ-साथ अपने प्रशिक्षकों का भी मान सम्मान करना चाहिए। खेलो हरियाणा के पहले दिन सिरसा और यमुनानगर के बीच पहला मैच खेला गया। इस मैच में सिरसा की टीम ने यमुनानगर को 7-0 गोल से पराजित किया। इसके बाद रेवाड़ी ने फरीदाबाद को 5-0, गुरूग्राम ने पंचकुला को 4-2 तथा सोनीपत ने फतेहबाद को 3-0, रोहतक ने चरखी दादरी को 3-1 के गोल के अंतर से पराजित कर मैच जीत लिया।