विकल्प के रूप में खिलाड़ी पढ़ाई को रखे जारी
हरियाणा विभिन्न प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक मैडल लेेने वाला राज्य
डीसी ने किया हरियाणा यूथ गेम्स का शुभारंभ
न्यूज़ डेक्स संवाददाता –
रोहतक । उपायुक्त यशपाल ने कहा है कि सामान्यजनों की अपेक्षा खिलाडिय़ों में संयम व धैर्य की क्षमता अधिक होती है। उपायुक्त आज राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित खेलो हरियाणा यूथ गेम्स का उद्घाटन करने के उपरांत प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाडिय़ों व उनके प्रशिक्षकों को संबोधित कर रहे थे।
राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाडिय़ों व उनके प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए उपायुक्त यशपाल ने कहा कि निश्चित रूप से यहां मौजूद खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं, क्योंकि वे अपने-अपने जिलों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों को इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से एक स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का निवास माना जाता है। ठीक उसी प्रकार से खिलाड़ी में अच्छी-खासी सूझबूझ होती है। खिलाड़ी ध्यान केंद्रित करके मुकाबलों में विजय होने का पूरा प्रयास करता है। खिलाडिय़ों का आह्वान करते हुए उपायुक्त यशपाल ने कहा कि वे अपने-अपने खेल के साथ पढ़ाई का सिलसिला भी लगातार जारी रखें। अच्छी बात यह है कि खेलों में उनका कैरियर बने, लेकिन विकल्प के रूप में उनके पास अच्छी शिक्षा की डिग्रियां भी रहनी चाहिए।
उपायुक्त यशपाल ने कहा कि हरियाणा सरकार अपनी खेल नीति के माध्यम से खेल व खिलाडिय़ों को विशेष सुविधाएं प्रदान कर रही है। यह हरियाणा सरकार की खेल नीतियों का ही परिणाम है कि ओलंपिक, एशियाड व कॉमनवेल्थ जैसी प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ी सर्वाधिक मेडल जीतकर लाते है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं स्कूलों, गांव व जिला स्तर पर खेलने वाले खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक बेहतर प्लेटफार्म प्रदान करती हैं। इन प्रतियोगिता के माध्यम से ही खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचते हैं।
उपायुक्त यशपाल ने कहा कि खेलो हरियाणा यूथ गेम्स के तहत रोहतक जिला में 4 स्थानों पर अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। इनमें राजीव गांधी खेल स्टेडियम के अलावा छोटू राम स्टेडियम, राजकीय महिला महाविद्यालय व महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय शामिल है। सभी खिलाडिय़ों व प्रशिक्षकों आदि के लिए जिला प्रशासन द्वारा ठहरने, खाने व चिकित्सा आदि की वंचित सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है।