फिजियोथेरेपी सेंटर के शुभारम्भ अवसर यमुनानगर के पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल मुख्यातिथि होंगे
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 22 अक्टूबर। श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत थानेसर द्वारा महाराजा अग्रसेन फिजियोथेरेपी सेंटर का शुभारम्भ अग्रवाल धर्मशाला काॅम्पलैक्स मोती चौंक में आगामी 1 नवम्बर को किया जायेगा। संस्था के प्रधान चन्द्रभान गुप्ता ने बताया कि फिजियोथेरेपी सेंटर के शुभारम्भ अवसर यमुनानगर के पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल मुख्यातिथि होंगे।
गुप्ता ने बताया कि इस धर्मार्थ फिजियोथेरेपी सेंटर में बहुत ही कम शुल्क में फिजियोथेरेपी सम्बन्धी अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जायेंगी। उन्होंने कहाकि नगर की मेन मार्किट थानेसर के आसपास कोई फिजियोथेरेपी सेंटर नहीं है। ऐसे में मरीज़ों तथा समाज के अनेक लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
गुप्ता ने बताया कि इस फिजियोथेरेपी सेंटर में टेन्स मशीन, आई.एफ.टी., मसल स्टीमूलेटर, ट्रैक्शन, अल्ट्रासोनिक मशीन, लेजर मशीन इत्यादि आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा जन सुविधाओं के लिए विभिन्न प्रकार के प्रकल्प चलाए जा रहे हैं। ज़रूरतमंद लोगों के ईलाज के लिए निःशुल्क महाराजा अग्रसेन धर्मार्थ होम्योपैथिक डिस्पैन्सरी मोती चौंक थानेसर में चलाई जा रही है।
गरीब लड़कियों के लिए महाराजा अग्रसेन सिलाई व कढ़ाई केन्द्र चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन के निकट एवं मोती चौंक थानेसर में यात्रियों एवं सामान्य जन की सुविधा के लिए दो धर्मशालाएं चल रही हैं। अग्रवाल धर्मशाला मोती चैंक में कँवर बलजीत सिंह पुस्तकालय एवं वाचनालय भी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा महाराजा अग्रसेन सीनियर पब्लिक स्कूल मोती चौंक थानेसर एवं गांव दबखेड़ी का संचालन सफलता पूर्वक किया जा रहा है।