न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र । संस्कार भारती कुरुक्षेत्र एवं मातृभूमि सेवा मिशन आश्रम द्वारा फतुहपुर में भारत माता पूजन उत्सव ‘आराधना ‘ का आयोजन किया गया।यह कार्यक्रम संस्कार भारती के संरक्षक पद्मश्री बाबा योगेन्द्र जी 100 वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उनको समर्पित रहा। इस अवसर पर आश्रम के नन्हें कलाकारों ने वंदे मातरम्,रघुपति राघव राजा राम,मां तुझे सलाम,हिन्दुस्तान मेरी जान एवं पम्म पम्म आदि देशभक्ति के गीतों पर नृत्य तथा योगासनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। ‘आराधना’ उत्सव के अवसर पर कुरुक्षेत्र के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं समाजसेवी डाॅ॰ सुभाष गर्ग ने मुख्य अतिथि एवं कवि के रूप में उपस्थित रहे ।इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सबको मिलकर समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी तभी देश आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के कवियों ने काव्य पाठ किया। प्रसिद्ध कवयित्री डॉ शकुन्तला शर्मा ने ‘मेरे हिस्से का भारत’ देश को समर्पित की। युवा कवि डॉ पुरुषोत्तम कुमार ने कविताओं के माध्यम से समाज में जागरूकता लाने का सफल प्रयास किया। हास्य व्यंग्य के कवि नरेश सागवाल ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हंसाने के साथ साथ महत्वपूर्ण संदेश समाज को दिया। संगीताचार्य सोहन लाल ने ‘मेरा रंग दे बसंती चोला ‘गीत गाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तरावडी नगर के शताब्दी विस्तारक विजयन्त बिन्दल ने बाबा योगेन्द्र के जीवन से जुड़े कई प्रसंगों को सांझा करते हुए कहा बाबा ने अपना पूरा जीवन कला,साहित्य और संस्कृति के नाम कर दिया। मातृभूमि सेवा मिशन आश्रम के संस्थापक एवं संरक्षक डॉ श्रीप्रकाश मिश्रा ने योगेन्द्र बाबा के कार्यों को स्मरण किया तथा आश्रम की गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर संस्कार भारती के प्रान्त मंत्री नरेन्द्र शर्मा ने संस्कार भारती के कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए बाबा योगेन्द्र के जीवन पर प्रकाश डाला। स्वामी दयानंद सरस्वती के दूसरे शताब्दी वर्ष की आयोजन समिति के अध्यक्ष स्वामी सम्पूर्णानन्द महाराज ने सभी को आशीर्वाद देते हुए योगेन्द्र बाबा के द्वारा दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मंच संचालन संस्कार भारती कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष डॉ अशोक शर्मा ने किया और उपाध्यक्ष पंकज भारद्वाज, आशीष सभरवाल ,मंत्री रमन बंसल,कोषाध्यक्ष नरेश गर्ग ,कलाचार्य प्रवीण कुमार प्रचार प्रसार प्रमुख प्रशान्त एवं आश्रम के विद्यार्थियों सहित सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लिया तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को निभाते का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ।कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मातृभूमि सेवा मिशन आश्रम की भूमिका सराहनीय रही।संस्कार भारती की ओर से सभी कलाकारों एवं कवियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किये गये।
