वैैष्णव जन ते तेने कहिए पीर पराई जाणे रे…
भजन संध्या से हुआ कला परिषद की आनलाईन कार्यक्रमों का आगाज
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र 25 अक्तूबर। कोरोना महामारी के कारण सांस्कृतिक गतिविधियों पर विराम लगा हुआ था, जिसके कारण न केवल कलाकारों को अपनी आजीविका जुटाने में कठिनाई का सामना करना पड़ा, बल्कि प्रदेश की कला एवं संस्कृति का विस्तार भी रुक गया। ऐसे में आॅनलाईन कार्यक्रमों के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पुनः गति मिली है। ये कहना था हरियाणा कला परिषद के निदेशक संजय भसीन का। हरियाणा कला परिषद के आनलाईन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के शुभारम्भ पर आयोजित भजन संध्या के दौरान संजय भसीन ने वर्चुअल सम्बोधन दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के कलाकारों के हित में तथा प्रदेश की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा कला परिषद द्वारा साप्ताहिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गीत, संगीत, नृत्य, नाटक, हास्य आदि गतिविधियों का सप्ताह के अंत में आॅनलाईन प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। इसी कड़ी में नवरात्रि व दशहरा के उपलक्ष्य मे पहला कार्यक्रम भजन संध्या आयोजित किया गया। जिसमें स्थानीय कलाकार चमन चैाहान ने अलग अलग भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन हरियाणा कला परिषद के मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने किया।
भजन संध्या का आगाज चमन चैाहान ने मां शक्ति की आराधना के साथ किया। अम्बे चरण कमल हैं तेरे के माध्यम से मां भगवती के चमत्कारों से अवगत करवाया। तोरा मन दर्पण कहलाए, वैष्णव जन ते तेरे कहिए पीर पराई जाणे रे, रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीता राम जैसे अलग अलग भावों को चमन ने अपनी गायकी से प्रस्तुत किया। इक राधा इक मीरा दोनों ने श्याम को चाहा जैसे कृष्ण भजन ने कार्यक्रम में जोश भरने का काम किया। वहीं अंतिम प्रस्तुति हे राम तथा कृष्ण मंत्र ने ईश्वरीय शक्ति की अनुभूति करवाई। देवी दत तथा मोहन के सहयोग से तबले पर माधव भाटिया तथा ढोलक पर गोविंदा ने संगत दी।
——–
आनलाईन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अगले सप्ताह हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणवी ठहाके कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हरियाणा प्रदेश के हास्य कलाकार अपने हास्य व्यंग्यों से दर्शकों को हंसाने का कार्य करेंगे। कार्यक्रम का प्रस्तुतिकरण हरियाणा कला परिषद के फेसबुक पेज पर शाम 6 बजे किया जाएगा।