जहां चलता था अतीक के आतंक का सिक्का,वहां बीच सड़क ताबड़तोड़ फायरिंग कर दोनों भाइयों को किया ढेर
मीडिया कर्मी बन कर आए थे हमलावर नवीन तिवारी,अरुण मौर्या, और सोनू ,अब तीनों पुलिस हिरासत में
पुलिस प्रशासन सतर्क,सीमा सील,इंटरनेट सेवा बंद,सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टीका टिप्पणी पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
न्यूज डेक्स उत्तर प्रदेश
प्रयागराज। एक दौर था जिस प्रयागराज में अतीक अहमद के आतंक का राज था,वहां अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या कर दी गई है। इस प्रकरण को माब एनकाउंटर बताया जा रहा है। सौ से अधिक आपराधिक मामलों में दबंग माफिया से राजनीतिक में पदार्पण करने वाले अतीक अहमद का अंत आज जिस अंदाज में हुआ है,वह पूरी तरह से फिल्म दिख रहा है। मीडिया कर्मी बन कर आए इस माफिया ब्रदर्स पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतारने वाले तीनों आरोपी पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर चुके हैं। प्राप्त सूचनानुसार इस वारदात को अंजाम देने में वाले हमलावरों में नवीन तिवारी,अरुण मौर्या, और सोनू नाम का युवक शामिल था और अब यह तीनों पुलिस हिरासत में हैं,जबकि इस घटनाक्रम के दौरान घायल हुए पुलिस कर्मियों को स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया है। अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ के शवों पीएम के लिए काल्विन अस्पताल भेजा गया है।
बताया गया है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम देने के लिए हमलावर अज्ञात वाहनों पर सवार हो कर पहुंचे थे।इधर पुलिस वारदात के बाद किसी प्रकार की अफवाह और सोशल मीडिया पर टीका टिप्पणी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी के आदेश जारी कर चुका है। कई इलाकों में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है,जबकि क्षेत्र सीमा को सील किया जा चुका है। किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस के साथ साथ आरएएफ को भी बुलाया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और आरएएफ के जवानों को तैनात किया जा रहा है। इस प्रकरण के बाद प्रयागराज में सन्नाटा पसरा हुआ है और यूपी सहित आसपास राज्यों में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है। दो दिन पहले अतीक अहमद का बेटा असद भी पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो चुका है।