न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र,31 अक्तूबर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में शनिवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल के 145वें जन्मदिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस पूर्ण निष्ठा व समर्पण के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. सतीश कुमार ने अध्यापकगणों व कर्मचारियों को देश की एकता व अखण्डता को बनाए रखने की शपथ दिलाई। डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि हमें सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन को उत्कृष्ट बनाना चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपने अदम्य साहस एवं दूर-दृष्टि से भारत के सभी प्रान्तों को जोडऩे का कार्य किया एवं देश के स्वतन्त्रता संग्राम में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वह हमारी राष्ट्रीय एकता के बेजोड़ शिल्पी थे। उनकी नेतृत्व की असाधारण क्षमताओं के कारण ही उन्हें सरदार के रूप में जाना जाता है।
कार्यक्रम का कुशल संचालन संस्थान के प्रो. सतहंस द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि भारत को एकता के सूत्र में पिरोने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल को ‘लौहपुरूष’ के नाम से जाना जाता है। उनके आदर्शों को हमें अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्रीय एकता में अपना महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर संस्थान के डीन (शैक्षणिक) प्रो. ज्ञान भूषण, प्रो. जे.के. कपूर, रजिस्ट्रार जी.आर. सामन्तरे, राजीव सैनी, डॉ. रविन्द्र कुमार सहित अन्य विभागों के विभागाध्यक्ष, अध्यापकगण व कर्मचारीगण उपस्थित थे।