हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह, सीएम के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर रमणीक सिंह व मीडिया कोऑर्डिनेटर जगमोहन आनंद ने किया सरस्वती स्योंसर जंगल व हांसी बुटाना नहर का निरीक्षण
न्यूज डेक्स संवाददाता
पिहोवा। हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने कहा कि सरस्वती जंगल को हरा भरा रखने व पशु पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने के साथ-साथ भूजल की स्थिति में सुधार लाने के लिए बोर्ड की तरफ से योजना तैयार की जा रही है। इस योजना के तहत जंगल में पानी ले जाने के लिए छोटे-छोटे बांध बनाए जाएंगे और बारिश के पानी से इस प्रकार की व्यवस्था की जाएगी।
उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने कहा कि हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड की तरफ से सरस्वती स्योंसर जंगल को लेकर एक बडी योजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे पहले उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, मुख्यमंत्री के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर रमणीक सिंह मान, मीडिया कोऑर्डिनेटर जगमोहन आनंद ने सरस्वती स्योंसर जंगल और हांसी बुटाना नहर का निरीक्षण किया और जंगलों तक पानी पहुंचाने की संभावना पर विचार विमर्श भी किया। उपाध्यक्ष ने कहा कि आने वाले बारिशों के सीजन में सरस्वती जंगल व सरस्वती सतौडा शाखा के माध्यम से पानी को जंगलों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इस योजना पर बोर्ड की तरफ से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से ना केवल सतौडा क्रीक में पानी चलेगा बल्कि इस क्षेत्र के पशु पक्षियों को तपती गर्मी में पीने के लिए पानी मिल पाएगा। इस निरीक्षण के दौरान गुलडेरा से लेकर कैथल जिला के नौच गांव तक फैले सरस्वती स्योंसर जंगल, हांसी बुटाना हैड व जंगल के अंदर जाकर पानी को संरक्षित और एकत्रित करने की तमाम संभावनाओं को लेकर अधिकारियों से चर्चा भी की गई है। उन्होंने कहा कि सरस्वती बोर्ड की योजना के अनुसार छोटे-छोटे बांध बनाकर बरसात के पानी को जंगलों में सहेजने का काम किया जाएगा। इसके साथ ही फलदार पौधे भी रोपित किए जाएंगे। इन पौधों के लगने से जंगल की ईको प्रणाली भी ठीक रहेगी।
उपाध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड की योजना के अनुसार बारिश के पानी का सदुपयोग हो सकेगा और जितनी भी बारिश होगी इस 12 हजार एकड़ भूमि पर फैले सरस्वती स्योंसर जंगल में बांध बनाकर पानी को रोका जाएगा। इस योजना से सरस्वती जंगल के पेड़-पौधों, पक्षियों को बहुत फायदा होगा, जब जंगल हरा भरा रहेगा तो निश्चित ही आस-पास के क्षेत्र को अच्छा पर्यावरण मिल पाएगा। इस मौके पर सौरव शर्मा आदि भी उपस्थित थे।