गोताखोरों ने नहर में चलाया सर्च अभियान
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र।गांव खानपुर निवासी 16 वर्षीय छात्र विनय सोमवार शाम से लापता हो गया। छात्र की गुमशुदगी की शिकायत परिजनों ने पुलिस को दी। छात्र की चप्पलें व बाइक मंगलवार सुबह भाखड़ा नहर ज्योतिसर के किनारे बरामद हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर परिजनों को बुलाया। गोताखोरों ने दिनभर नहर में सर्च अभियान चलाया लेकिन लापता छात्र का पता नही चल सका। जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय विनय के 12वीं में कम नंबर आए थे। जिस कारण वह परेशान था। छात्र के ताऊ जगपाल ने बताया कि भिवानी बोर्ड का सोमवार दोपहर बाद परिणाम आया था जिसमें विनय के कम नंबर आए थे जबकि वह पढ़ाई में भी ठीक था। इस बात को लेकर वह परेशान हो गया और घर से मोटरसाइकिल लेकर कही चला गया। जब रात्रि तक वह घर नही आया तो उन्हें उसकी चिंता हुई। उन्होंने अपने स्तर पर विनय की तलाश की लेकिन उसका कही पर भी पता नही चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में विनय की गुमशुदगी की शिकायत की। मंगलवार को विनय की चप्पले किरमच हैड से बरामद हुई व बाईक ज्योतिसर नहर से एक किलोमीटर की दूरी पर मिली। आशंका है कि विनय ने नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी की है।