खिलाड़ियों ने महिला मंत्रियों, सांसदों को चिट्ठी भेजकर उनका समर्थन मांगा
देशभर में सभी जिला मुख्यालयों पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा
पूरा देश बेटियों को न्याय दिलाने की मांग के साथ खड़ा है लेकिन सरकार आरोपी के पक्ष में खड़ी है
न्यूज डेक्स इंडिया
दिल्ली।महिला खिलाड़ियों जिनमें नाबालिग खिलाड़ी भी शामिल हैं, का यौन शोषण करने के आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर खिलाड़ियों के धरने का आजा 24वां दिन है लेकिन अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। सभी खिलाड़ी आज शाम 6 बजे कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन के लिये जायेंगे और बजरंगबली से प्रार्थना करेंगे कि सरकार को सद्बुद्धि प्रदान करें। खिलाड़ियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी ये धरना यूं ही चलता रहेगा।
खिलाड़ियों ने कहा कि सत्ताधारी दल का सांसद होने के चलते पूरी सरकार आरोपी को पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में दर्ज FIR के बावजूद संरक्षण और शरण दिए हुए है। सरकार और सरकारी तंत्र बेटियों के साथ नहीं बल्कि उनकी अस्मत पर हमला करने वाले अपराधी के साथ खड़ा है और उसे बचाने की कोशिश कर रहा है। खिलाड़ियों ने सभी महिला मंत्रियों, सांसदों को चिट्ठी भेजकर उनका समर्थन मांगा है। खिलाड़ियों ने केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी समेत 43 भाजपा सांसदों को भेजे पत्र में लिखा है कि सत्ता पक्ष की महिला सांसद होने के नाते उन्हें उनसे काफी उम्मीदें हैं। वे उनसे उनकी सहायता करने और उनकी आवाज बनने के साथ उनका सम्मान बचाने की प्रार्थना कर रही हैं। वे अपना समय निकालकर जंतर-मंतर पर आएं और उन्हें रास्ता दिखाएं।
इसके अलावा आज खिलाड़ियों के आह्वान पर शोषण की शिकार महिला खिलाड़ियों को तुरंत न्याय दिलाने की मांग करते हुए देशभर में सभी जिला मुख्यालयों पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में लिखा है कि दिल्ली के जंतर मंतर पर जारी धरने को 24 दिन हो गए हैं। लेकिन सरकार उनकी आवाज नहीं सुन रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन महिला खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है, लेकिन वे आज अपने साथ हुए उत्पीड़न के न्याय की गुहार लिए सड़कों पर हैं।
उन्हें अपने उत्पीड़न के खिलाफ FIR तक करवाने के लिए भी सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ा है। उनके प्रति पुलिस और प्रशासन का रवैया उदासीन दिखता है क्योंकि आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहा है और मीडिया में पीड़ित महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक बयान दे रहा है। किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए यह सही नहीं है। हमारे लोकतंत्र की नींव न्यायपूर्ण व्यवस्था पर टिकी हुई है जिसमें हर इंसान के लिए इंसाफ का वादा निहित है। देश की बेटियों के साथ भी इंसाफ होना चाहिए। हमारी आपसे विनती है कि आप इस मामले में दखल दें और देश की बेटियों के इंसाफ के लिए जल्द से जल्द जरूरी कदम जरूर उठाएं। खिलाड़ियों ने कहा कि पूरा देश बेटियों को न्याय दिलाने की मांग के साथ खड़ा है लेकिन सरकार आरोपी के पक्ष में खड़ी है।
आज धरने पर भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद भी अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने न्याय मिलने तक धरनास्थल पर ही रहने का फैसला किया है। खिलाड़ियों के समर्थन में आज भी देश के विभिन्न राज्यों से किसान संगठन, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकता, खाप पंचायतों के प्रतिनिधि, महिला संगठनों के प्रतिनिधि, देश भर के विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों, छात्रों, खिलाड़ियों ने जंतर मंतर पहुंचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।
इनमें प्रमुख रूप से कृष्णा ऐपवा अध्यक्ष उत्तर प्रदेश, पूर्व विधायक जसवन्त सिंह, अमृत गिल जाट सभा पंजाब, अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला संगठन, भारतीय किसान यूनियन दिल्ली, अखिल भारतीय कालीरामण खाप संयोजक कैथल, अखिल भारतीय किसान महासभा पश्चिम बंगाल, भारतीय किसान यूनियन उत्तर प्रदेश, ऑल इंडिया स्कीम वर्कर्स फेडरेशन, अखिल भारतीय किसान महासभा राजस्थान, युवा वकील गाजियाबाद, सर्वजातीय कंडेला खाप जींद, अभिनेता बिन्दु दारा सिंह, असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस, वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन उत्तराखंड, समस्या निवाराण मंच सिद्धपुर, रमाकान्त यादव प्रदेश महासचिव मध्य प्रदेश कांग्रेस, राष्ट्रीय लोक आंदोलन अध्यक्ष, सर्वोदय ड्राईवर एसोसिएशन नयी दिल्ली शामिल रहे।