समापन समारोह में मुख्यातिथि रहे DCRUST विश्वविद्यालय के कुलपति
संस्कृत भारती हरियाणा प्रांत एवं भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्त्वावधान में
न्यूज डेक्स संवाददाता
सोनीपत। सोनीपत के ऋषिकुल वर्ल्ड अकादमी विद्यालय में शिबिरचालक प्रशिक्षण वर्ग का समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यातिथि प्रो.राजेंद्र कुमार अनायत, कुलपति ‘दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय’ मुरथल, विशिष्ट अतिथि एसके शर्मा ऋषिकुल वर्ल्ड अकेडमी के संस्थापक व संरक्षक, मुख्य वक्ता प्रो.कमला भारद्वाज राष्ट्रीय उपाध्यक्षा संस्कृत भारती तथा समारोह के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल सह-संस्थापक गेटवे एजुकेशन, सोनीपत ने कार्यक्रम में सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वालन एवं वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ हुआ।
अतिथियों का परिचय रोहतक विभाग संयोजक डॉ.संजीव कुमार ने करवाया तथा प्रशिक्षण वर्ग का प्रास्ताविक ईशम सिंह ने किया और वर्गवृत्त वर्गप्रशिक्षण प्रमुख तथा प्रान्त प्रचारप्रमुख सतेन्द्र कुमार ने किया।अतिथियों का स्वागत वर्गाधिकारिणी आचार्या दीक्षा आर्या ने पुस्तकगुच्छ व फलगुच्छ द्वारा किया। तदुपरांत प्रशिक्षण वर्ग के प्रशिक्षणार्थियों ने संस्कृत में प्रस्तुतियां दीं जिनमें संस्कृतभाषा के माध्यम से पाठन कौशल, संवाद, नाटक, अनुभव कथन, गीतगायन तथा नृत्य आदि थे। इन गतिविधियों में कौन बनेगा करोड़पति व बराक ओबामा के द्वारा संस्कृतभारती के सम्भाषण वर्ग का अनुभव कथन, लघुबालिका आन्या शर्मा द्वारा बालगीत पर नृत्य प्रस्तुति तथा संस्कृत गीत पर हरियाणवीं शैली में नृत्य कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर राजेंद्र कुमार अनायत ने अपना उद्बोधन वैदिक मंत्रों व श्लोकोच्चारण के साथ किया और कहा कि हरियाणा वास्तव में देव भूमि है इसलिए इसका नाम हरियाणा है, जो कि शुद्ध संस्कृत शब्द है। हरियाणा की भूमि देवभाषा संस्कृत से कभी अलग हो ही नहीं सकती। मुख्य वक्ता प्रो.कमला भारद्वाज ने कहा कि हमारे संस्कारों को जीवित रखने के लिए संस्कृत भाषा का ज्ञान परम आवश्यक है इसलिए संस्कृत भाषा के बिना संस्कारों की कल्पना भी नहीं की जा सकती। समारोह के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में बताया कि चाहे हम किसी भी विषय से पढ़ाई करें परंतु संस्कृत भाषा हमें आवश्यक रूप से सीखना चाहिए। ऋषिकुल वर्ल्ड अकादमी के निदेशक नीरज शर्मा ने बताया कि संस्कृत भाषा देववाणी है इसे हमें जीवन में धारण करना आज के समय की जरूरत है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में भारत विकास परिषद के सह मीडिया प्रभारी सुरेश पाराशर का अहम योगदान रहा । धन्यवाद ज्ञापन सोनीपत जनपद संयोजक डॉ. पवन शर्मा ने किया। इस कार्यक्रम में संस्कृतभारती साहित्य विक्रयण का कार्यभार साहित्य प्रमुख पुष्पेंद्र ने संभाला । इस कार्यक्रम में वस्तु प्रदर्शनी भी विशेष रूप से प्रशंसनीय रही। मंच संचालन विद्यालयीय कार्य प्रमुख नीरज कुमार ने कुशलता से किया।समारोह में भारत विकास परिषद की प्रबुद्ध शाखा की अध्यक्षा डॉ. रचना गुप्ता, प्राचार्या हिंदू महाविद्यालय, सोनीपत, भारत विकास परिषद के पदाधिकारी आशीष गुप्ता, जिला व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रो. राजीव गुप्ता, भारत विकास परिषद, सोनीपत शाखा के अध्यक्ष डॉ.आर के गुप्ता, पूर्व निदेशिका वित्त मंत्रालय भारत सरकार मीनाक्षी गुप्ता की कार्यक्रम में विशेष रुप से उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त संयोजिका शारदा एलन व सचिव सुजीत दहिया, संस्कृत अध्यापक संघ के जिला प्रधान रामनिवास, महेंद्र सिंह मलिक, अशोक शास्त्री व नरेश शास्त्री आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।