आर्यन/न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र,11 नवंबर। खेल एवं युवा मामलों के मंत्री संदीप सिंह ने कोरोना से जंग में मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कोविड-19 जैसी असामान्य परिस्थितियों में पत्रकारों ने अहम भूमिका निभाई है। खेल मंत्री संदीप सिंह बुधवार को भारतीय पत्रकार कल्याण मंच एवं हरियाणा पत्रकार कल्याण मंच के संयुक्त तत्वाधान में श्रीकृष्णा म्यूजियम में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में बतौर मुख्यातिथि के रुप में बोल रहे थे।
इससे पहले मुख्यातिथि खेल मंत्री संदीप सिंह, विशिष्ट अतिथि थानेसर के विधायक सुभाष सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी, भाजपा निगरानी कमेटी के लोकसभा प्रभारी धर्मबीर डागर व पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मबीर मिर्जापुर का भारतीय पत्रकार कल्याण मंच के मुख्य संरक्षक विनोद जिंदल, राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन आश्री, महासचिव मेवा सिंह राणा, मीडिया प्रभारी संजीव बंसल व प्रदेशाध्यक्ष विजय बजाज ने समारोह में पहुुंचने पर स्वागत किया।
खेल मंत्री संदीप सिंह व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया। खेल मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से भारत समेत पूरा विश्व कोरोना महामारी से जूझ रहा है। कोरोना संक्रमण जैसी असामान्य परिस्थितियों में पत्रकारों ने अहम भूमिका निभाई है और उसी का परिणाम है कि आज हर कोई कोरोना से सावधान है। इस अवसर पर खेल मंत्री ने अपने निजी कोष से भारतीय पत्रकार कल्याण मंच को डेढ लाख रुपये देने की घोषणा की।
भारतीय पत्रकार कल्याण मंच के मुख्य संरक्षक विनोद जिंदल, राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन आश्री व महासचिव मेवा सिंह राणा ने खेल मंत्री संदीप सिंह को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में इस वैश्विक महामारी के दौरान मीडिया ने सूचना, शिक्षा और सशक्त करने के लिए समाज के अहम और विश्वसनीय साझेदार की भूमिका निभाई है, ताकि देश के लोगों को इस संकट से उबरने में जागरूक किया जा सके और वे खुद को कोरोना संक्रमण से खुद को बचा सकें।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी ने कहा कि पत्रकारिता क्षेत्र के लोगों के सामने अनेक चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों का रोजाना सामना कर पत्रकार समाज के प्रति अपना दायित्व पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली के पर्व पर सभी को अपनी परम्परा को अपनाना चाहिए और सादगी के साथ इस त्यौहार को अपनाना चाहिए। भारतीय पत्रकार कल्याण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन आश्री ने कहा कि मंच की तरफ से हर वर्ष होली, दीपावली और प्रैस डे पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंच की तरफ से पत्रकारों को हर वर्ष किसी न किसी हिल स्टेशन पर भ्रमण के लिए नि:शुल्क ले जाया जाता है।
इस दौरान संबंधित क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकारों से रूबरू करवाया जाता है ताकि पत्रकारों के ज्ञान में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि मंच की तरफ से पत्रकारों का 10 लाख का बीमा नि:शुल्क करवाया जाता है। इसके अलावा पत्रकारों की समस्याएं, उनकी मांगों को पूरा करने की आवाज को भी बुलंद किया जाता है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की है कि अपने सामाजिक दायित्व का निर्वाह करने के लिए हमेशा सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें। समारोह में मंच का संचालन केवल कृष्ण ने किया।
मीडिया कर्मियों को मंच के मुख्य संरक्षक विनोद जिंदल व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय इक्नोमिक्स विभाग के प्रभारी डा. प्रदीप चौहान नेे भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री सुशील राणा, मीडिया प्रभारी विनित कवातरा, विनित बजाज, थानेसर निगरानी कमेटी के अध्यक्ष जितेन्द्र अग्रवाल, अमित रोहिला, मंडल अध्यक्ष दीपक चौहान, हरीश अरोड़ा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शकुंतला शर्मा व रीता गोयल सहित भारी संख्या में चंडीगढ़ एवं हरियाणा के अनेक जिलों से पहुंचे मीडिया कर्मी मौजूद रहे।