‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ 105वां दिन
कांग्रेस और भाजपा नेता एयर कंडीशन कमरों में बैठ कर राजनीति करते हैं: अभय
कहा – जनता के बीच रहने वाला, उनके दुख दर्द में काम आने वाला, जनता की समस्याओं को दूर करने वाला और धरातल की राजनीति करने वाला ही प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री होगा
भाजपा गठबंधन सरकार जहां किसान विरोधी, कर्मचारी विरोधी, कमेरा विरोधी और जन विरोधी सरकार है वहीं सबसे बड़ी युवा विरोधी सरकार है
कृषि विभाग में एडीओ के जनरल कैटेगरी के 23 पदों में से 16 पदों पर हरियाणा से बाहर के उम्मीदवारों को नौकरी देकर प्रदेश के युवाओं के साथ कुठाराघात किया है
जब बाड़ ही खेत को खाने लगे तो खेत को बचाएगा कौन?, बिजली मंत्री खुद चिट्टा बेचने वालों को खुल्म खुल्ला संरक्षण दे रहे हैं, चिट्टा बेचने वाला सुच्चा सिंह नाम का तस्कर बिजली मंत्री की गाड़ी में चलता है
इनेलो की सरकार आने पर बुजुर्गों की पैंशन 7500 रुपए की जाएगी और पढ़े लिखे युवाओं को नौकरी दी जाएगी, नौकरी न मिलने तक युवाओं को 21000 रूपए बेराजगारी भत्ता दिया जाएगा
न्यूज डेक्स संवाददाता
डबवाली। हरियाणा में परिवर्तन का दौर शुरू हो चुका है और अब हर वर्ग खुद ही ये संकल्प ले रहा है कि परिवर्तन की इस लड़ाई में वह इनेलो के साथ है। यह बात इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कही। वे हरियाणा परिवर्तन पदयात्रा के तहत गांव घुक्कांवाली में उमड़े लोगों के भारी जनसैलाब को संबोधित कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को यह पदयात्रा रानियां हलके से डबवाली विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश कर गई और आज यह यात्रा गांव घुक्कांवाली से बनवाला, रिसालियाखेड़ा, बिज्जुवाली में पहुंची।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार जहां किसान विरोधी, कर्मचारी विरोधी, कमेरा विरोधी और जन विरोधी सरकार है वहीं सबसे बड़ी युवा विरोधी सरकार है। प्रदेश के युवाओं ने जिस भाजपा गठबंधन सरकार को वोट देकर सत्ता में बैठाया वही गठबंधन सरकार युवाओं के साथ लगातार धोखा कर रही है। हाल ही में कृषि विभाग में एडीओ के जनरल कैटेगरी के 23 पदों में से 16 पदों पर हरियाणा से बाहर के उम्मीदवारों को नौकरी देकर प्रदेश के युवाओं के साथ कुठाराघात किया है। इससे पहले भी कई बड़े बड़े पदों पर हरियाणा से बाहर के लोगों को सरकारी विभागों में नौकरी देकर युवाओं के हकों पर डाका डाला है।
इनेलो नेता ने कहा कि जनता के बीच रहने वाला, उनके दुख दर्द में काम आने वाला, जनता की समस्याओं को दूर करने वाला और धरातल की राजनीति करने वाला ही प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री होगा। कांग्रेस और भाजपा पार्टियों के नेता एयर कंडीशन कमरों में बैठ कर राजनीति करते हैं, जिनको आम जनता की समस्याओं की न तो कोई जानकारी होती है और न ही जनता की समस्याओं से कोई लेना देना है। एयर कंडीशन कमरे में बैठ कर जनता को मुर्ख बनाने वाली राजनीति करने वालों के दिन लद चुके हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा, जेजेपी और कांग्रेस मौकापरस्त पार्टियां हैं जो हमेशा दांव लगाने के चक्कर में रहते हैं, इनको प्रदेश की जनता की समस्याओं और परेशानियों से कोई लेना देना नहीं है। आज यात्रा का 105वां दिन है और उन्होंने इस दौरान लाखों लोगों से सीधा संवाद किया है, उनकी समस्याएं सुनी है और उनकी तकलीफों को जाना है। इनेलो की सरकार बनते ही जनता की इन सारी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा। आज प्रदेश की जनता इनेलो पार्टी में अपनी आस्था जता रही है। उन लाखों लोगों की भावनाओं के आधार पर कहता हूं कि प्रदेश की जनता ने 2024 में इनेलो की सरकार बनाने का अपना मन बना लिया है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जब बाड़ ही खेत को खाने लगे तो खेत को बचाएगा कौन? यह प्रदेश का दुर्भाग्य है कि आज युवा पीढ़ी चिट्टे के नशे का सेवन कर बर्बाद हो रही है। कितने ही मां-बाप अपने जवान बेटे इस चिट्टे के कारण उन्हें हमेशा के लिए खो चुके है। आज भाजपा गठबंधन सरकार के बिजली मंत्री खुद चिट्टा बेचने वालों को खुल्म खुल्ला संरक्षण दे रहे हैं। जब भी कभी कोई चिट्टे का नशा बेचने वाला पकड़ा जाता है तो मंत्री खुद थाने में फोन करके उसे छुड़वाते हैं। चिट्टा बेचने वाला सुच्चा सिंह नाम का तस्कर बिजली मंत्री की गाड़ी में चलता है। मुख्यमंत्री जब जनसंवाद कार्यक्रम करने सिरसा आए थे तब एक महिला चिट्टा तस्करों की शिकायत करने उनके पास आई थी लेकिन मुख्यमंत्री ने उस महिला की बात को नहीं सुना और उलटे उसे यह कह कर धक्के दे कर बाहर निकाल दिया कि यह किसी ने सिखाकर भेजा है। महिला के जवान बेटे की चिट्टे के नशे के कारण मौत हो गई थी।
अभय चौटाला ने कहा कि वे अपनी इस परिवर्तन पदयात्रा के तहत अब तक करीब 2200 किलोमीटर का फासला तय करते हुए लगभग 1100 गांवों में जा चुके हैं और इन सभी गांवों में एक तस्वीर साफ तौर पर उभर कर सामने आई कि लोग न केवल बदलाव चाहते हैं बल्कि इन सभी ने इनेलो की सरकार लाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार आने पर बुजुर्गों की पैंशन 7500 रुपए की जाएगी और पढ़े लिखे युवाओं को नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा नौकरी न मिलने तक युवाओं को 21000 रूपए बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।