स. अमरेंद्र सिंह अरोड़ा की अध्यक्षता में हुई हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व सदस्यों की बैठक
न्यूज डेक्स संवाददाता
करनाल। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व सदस्यों की मीटिंग पूर्व युवा प्रदेश अध्यक्ष सरदार अमरेंद्र सिंह अरोड़ा की अध्यक्षता में स्थानीय पंचायत भवन करनाल में हुई। जिसमें हरियाणा के अलग-अलग जिलों से आए पूर्व सदस्य व अनेक गणमान्य सिख नेताओं व जत्थेबंदियों ने भाग लिया। इस अवसर पर कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। सबसे पहले हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के आने वाले चुनावों के बारे में गंभीरता से चर्चा की गई और हरियाणा सरकार से इसकी तिथि शीघ्र अति शीघ्र तय करने का अनुरोध किया गया। इसमें सरकार को कुछ सीटों पर जैसे कि कैथल सीट और रोहतक सीट की त्रुटियों को दूर करने के लिए आग्रह किया गया। क्योंकि कुछ सीटों पर सिख वोटरों की संख्या बहुत ज्यादा रखी गई है जबकि कुछ सीटों पर बिल्कुल कम है। इसमें रोहतक सीट के साथ अन्याय हुआ है क्योंकि रोहतक श्री गुरु तेग बहादुर साहिब की चरण छोह प्राप्त धरती है। जहां ऐतिहासिक श्री बंगला साहिब गुरुद्वारा साहिब सुशोभित हैं व गुरुद्वारा मंजी साहिब लाखन माजरा भी रोहतक विधानसभा के आस-पास ही पडता है। अत: इस सीट को भी नुमाइंदा मिलना चाहिए ताकि आगामी चुनावों में रोहतक को प्रतिनिधित्व मिल सके।
स. अमरेंद्र सिंह अरोड़ा ने सभी पूर्व सदस्यों व सिख संगत को चुनावों में तैयार रहने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य हरियाणा राज्य के प्रत्येक जिले में जाकर संगत के दर्शन करें और संगत को जागरूक करें। अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा पंजाबी को दूसरी भाषा का दर्जा दिया गया है लेकिन अभी भी स्कूलों में पंजाबी अध्यापकों की भारी कमी है और कई निजि स्कूलों में फ्रेंच या संस्कृत भाषा जबरदस्ती विद्यार्थियों पर थोपी जा रही है। क्योंकि वहां पंजाबी शिक्षक ही नहीं हैं। अत: सरकार से अनुरोध है कि शीघ्र पंजाबी भाषा के शिक्षकों की भर्ती की जाए ताकि पंजाबी भाषा पढने वाले बच्चों को कोई परेशानी न आए। दूसरी ओर सभी सरकारी दफ्तरों व जीटी रोड के बोर्ड भी पंजाबी भाषा में अपडेट किए जाएं ताकि सही मायने में पंजाबी भाषा को दूसरी भाषा का दर्जा मिले।
इस अवसर पर पूर्व महासचिव स. जसबीर सिंह भाटी सिरसा, लीगल एडवाइजर चनदीप सिंह खुराना गुरुग्राम, पूर्व सदस्य स. जीत सिंह खालसा ऐलनाबाद, पूर्व सदस्य स. हरप्रीत सिंह नरूला करनाल, पूर्व सदस्य स. बलदेव सिंह बल्ली कैथल, पूर्व सदस्य स. अजमेर सिंह सैनी लाडवा, पूर्व सदस्य स. पलविंद्र सिंह बोडशाम, बलविंद्र सिंह विर्क डाचर, ट्रक यूनियन प्रधान पलविंद्र सिंह बेदी, समाजसेवी स. गुरविंद्र सिंह अरोड़ा, स. गुरबचन सिंह मक्कड पानीपत, स. जसबीर सिंह अंबाला व स. रणजीत सिंह आदि सिख नेताओं ने भी मीटिंग को संबोधित किया। इस अवसर पर अनेक सिख जत्थेबंदियों के नेता मौजूद थे।