
अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई:शांतनु
न्यूज डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़। हरियाणा के करीब एक हजार गांव बाढ़ की चपेट में है और इस बीच राहत,सेवा,सुरक्षा और सहयोग के बीच असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाहें फैला कर लोगों में दहशत भी फैलाई जा रही है। इस तरह का भ्रामक प्रचार करने वालों को कुरुक्षेत्र के डीसी शांतनु शर्मा ने कड़ी चेतावनी देते हुए आगाह किया है,इस तरह की अफवाहें फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर कुछ असामाजिक तत्वों ने 50 हजार क्यूसिक पानी हथनी कुंड बैराज से छोडऩे की सूचना को वायरल किया है, जबकि यह झूठी सूचना है। इस प्रकार की झूठी अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर एक झूठा संदेश जिसमें, 50 हजार क्यूसिक पानी जो कि हथनी कुंड बैराज से छोड़ा गया है, अभी काला आंब के पास पानी पहुंचा है। इसके आज रात या कल सुबह तक कुरुक्षेत्र पहुंचने की संभावना है। यह पानी सेक्टरों सहित पूरे शहर में एंट्री करेगा। इस प्रकार की कोई भी जानकारी या सूचना प्रशासन की तरफ से जारी नहीं की गई है। इस प्रकार के व्यक्ति जो अफवाह फैलाते है, उनसे बचना चाहिए और इस प्रकार के संदेश को बिना पुष्टिï के आगे फारवर्ड नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब कुरुक्षेत्र जिला में पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है, किसी को घबराने की जरुरत नहीं है। प्रशासनिक अमला निरंतर स्थित पर नजर रखे हुए है।
उल्लेखनीय है कि इस अफवाह के अनुसार संबंधित क्षेत्र में रहने वाले लोगों के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले परिजन,रिश्तेदार और शुभचिंतक परेशान होकर हालचाल पूछ रहे हैं। वहीं इस तरह के हालचाल पूछने के फोन के तत्काल बाद कुरुक्षेत्र में रहने वाले लोग बाढ़ के पानी से दहशत में है। अब जाकर डीसी ने इस अफवाह को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है और साथ ही इस तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं स्थानीय नागरिक भी इस तरह की झूठी सूचना जारी करने वाले उस व्यक्ति के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं,जिसने इस सूचना को जारी कर लोगों को दहशत में डाला।