न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। बाढ़ प्रभावित किसानों की हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी सुध लेगी। बाढ़ प्रकोप की वजह से जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, हरियाणा कमेटी उन्हें धान की पनीरी निशुल्क मुहैया करवाएगी। यह जानकारी हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी कुरुक्षेत्र के प्रधान बाबा कर्मजीत सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रकोप में जिन किसानों की फसल तबाह हो गई हैं, उन्हें ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जींद व गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब धमतान साहिब जिला जींद से धान की पनीरी निशुल्क उपलबध करवाई जाएगी। इसके लिए संबंधित गुरुद्वारा साहिबान के प्रबंधकों को जरुरी दिशा-निर्देश देने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्राथमिकता के तौर पर किसानों को यह सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। जो किसान अपना नाम धान की पनीरी लेने के लिए देंगे, पहले एक टीम द्वारा फसल बर्बाद होने की जांच की जाएगी, जिसके बाद सच्चाई पाए जाने पर जरुरतमंद आवेदक को धान की पनीरी मुहैया करवा दी जाएगी। इतना ही नहीं, किसानों को अन्य हरसंभव सहायता भी दी जाएगी। इसके साथ ही पशुओं के लिए हरा चारा व तूड़ी भी किसानों में वितरित की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि पनीरी लेने के लिए नजदीक के गुरुद्वारा साहिब में संपर्क करें। साथ ही उन्होंने सुविधा संपन्न लोगों से आह्वान किया कि वे जरुरतमंद लोगों की हर संभव सहायता के लिए आगे आए।
प्रधान ने बताया कि पिछले तीन दिनों से जिला यमुनानगर, सिरसा, अंबाला शहर, कुरुक्षेत्र, पिहोवा, जिला जींद व अन्य कई स्थानों पर लंगर सेवा की जा रही है, ताकि बाढ़ में फंसे लोगों को भरपेट भोजन मिल सकें। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र में ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी, अंबाला में गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब पातशाही आठवीं, गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब अंबाला शहर, जींद में गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब तथा धमतान साहिब में गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब धमतान साहिब अपने-अपने क्षेत्रों में लंगर सेवा कर रहे हैं। यही नहीं, लोगों तक पानी व दूध भी पहुंचाया जा रहा है।