विधायक सुभाष सुधा ने दीदार नगर व अन्य रिहायशी क्षेत्र के लगभग 250 घरों में व्यक्तिगत रुप से किया लोगें से संपर्क
एक-एक घर में हुए नुकसान का किया आंकलन, प्रत्येक घर में 5-5 मिनट लगाकर परिजनों से मन की बात को किया साझा
अधिकारियों को दिए दीदार नगर में चुने का छिडक़ाव करने, सुबह और सायं फॉगिंग करने के आदेश
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि बाढ़ के पानी से दीदार नगर, डीडी कॉलोनी, खेड़ी मारकंडा, सरस्वती कॉलोनी, कॉमरेड कॉलोनी, हरि नगर सहित अन्य शहरी क्षेत्र में लोगों के घरों में कई दिनों तक ज्यादा पानी खड़ा होने से काफी नुकसान हुआ है। इस नुकसान का जायजा लेने के लिए दीदार नगर व अन्य क्षेत्रों में लगभग 250 ज्यादा घरों में स्वयं पहुंचे है। इतना ही नहीं प्रत्येक घर में 5 से 10 मिनट लगाकर पानी से हुए नुकसान को अपनी आंखों से देखा और परिजनों के मन की बात को सुना। अहम पहलू यह है कि कुरुक्षेत्र के शहरी क्षेत्र में रिहायशी इलाके के घरों में हुए नुकसान का एक खाका तैयार करके मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखा जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि लोगों के नुकसान की कुछ ना कुछ भरपाई जरुर हो।
विधायक सुभाष सुधा सोमवार को सुबह से लेकर सायं तक और गत्त देर सायं भी दीदार नगर के एक-एक घर में पहुंचने का प्रयास किया और इस समय अवधि में लगभग 250 से ज्यादा घरों में व्यक्तिगत रूप से पहुंचे। विधायक सुभाष सुधा ने प्रत्येक घर में जाकर जब पानी से हुए नुकसान को अपनी आंखों से देखा तो उनके पांव तले से जमीन खिसक गई। इस विजिट के दौरान देखा तो कई घरों में बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है, कई घरों में दरार भी पड़ गई है, फर्स धंस गए है और मशीनरी का भी काफी नुकसान हुआ है। ऐसे महंगाई के दौर में एक साधारण व्यक्ति से घर के सामान की भरपाई होना निकट भविष्य में संभव नहीं है। उन्होंने प्रत्येक घर में कम से कम 5 से 10 मिनट लगाकर परिवार के एक-एक व्यक्ति से बातचीत की और उनकी समस्या को जाना और उनका प्रयास रहा कि परिजनों के सभी सदस्यों की मन की बात को सुन सके। उन्होंने कहा कि अपने माध्यम से वे शहरी क्षेत्रों में घरों में हुए नुकसान का एक डाटा एकत्रित करके सरकार के पास भेजने के लिए एक प्रस्ताव तैयार करें। इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखा जाएगा और शहर वासियों की मन की भावना को यूं का त्यंू मुख्यमंत्री को बताया जाए। मुख्यमंत्री से अपील की जाएगी कि शहर के लोगों की कुछ ना कुछ मुआवजे के माध्यम से भरपाई की जाए।
विधायक ने कहा कि दीदार नगर में पानी लगभग उतर चुका है और बाकी कॉलोनियों में भी पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। इन क्षेत्रों में पानी उतरने के बाद अब सबसे बड़ी चुनौती सफाई व्यवस्था और बीमारियों पर रोकथाम की रहेगी। इस विषय को गंभीरता से लेकर स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि गली मोहल्लों और घरों में जाकर लोगों को हैलोजोन की टेबलेट व ब्लीचिंग पाउडर का प्रयोग करने के बारे में जागरुक करें। इनसे लोग काफी हद तक बीमारियों को रोक सकते है। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि प्रत्येक गली और मोहल्ले में जाकर सफाई की जाए, चुने का छिडक़ाव किया जाए और डम्पिंग स्थलों से कूड़े को रोजाना उठाया जाए। इसके अलावा सुबह और सायं के समय फॉगिंग की जाए ताकि मच्छर और कीड़े न पनप सके। इन क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था की रिपोर्ट रोजाना ली जाएगी। विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे और जांच के बाद बीमार व्यक्ति को निशुल्क दवाइयां भी वितरित करेंगे। इसके अलावा लोगों को बरसात और बाढ़ के पानी के बाद बीमारियों से बचाव के बारे में जागरूक भी करेंगे।
प्रभावित क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और परिवार के सभी सदस्यों को वितरित किया जा रहा है भोजन
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि बाढ़ के पानी से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भोजन, पीने का पानी, दवाइयां व अन्य खाद्य सामग्री घर-घर जाकर पहुंचाई जा रही है। इस कार्य में नप की निवर्तमान अध्यक्षा उमा सुधा, भाजपा के युवा नेता साहिल सुधा और भाजपा के सभी नेता और कार्यकर्ता लगे हुए है। इन प्रभावित क्षेत्रों में सुबह, दोपहर और रात्रि का भोजन पहुंचाया जा रहा है, अगर किसी व्यक्ति को भोजन नहीं मिलता तो वह उनसे या उनके किसी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकता है।